— खेल सुविधाओं की दिशा में तम्बौर को मिल सकती है बड़ी सौगात
सीतापुर। आदर्श नगर पंचायत तम्बौर में बहुप्रतीक्षित खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण की मांग अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव मोहम्मद उसामा खान के लगातार प्रयासों के बाद शासन, युवा कल्याण विभाग, जिलाधिकारी कार्यालय एवं नगर पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है।
नगर पंचायत की ओर से उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के अनुसार राजस्व ग्राम अहमदाबाद के गाटा संख्या 128 को खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण हेतु चिन्हित कर लिया गया है तथा प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई है। हालांकि, अंतिम प्रशासनिक स्वीकृति और संस्तुति लंबित होने के कारण निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है।
इसी क्रम में मोहम्मद उसामा खान ने मुख्यमंत्री को पुनः पत्र भेजकर मामले में शीघ्र निर्णय लेने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर अग्रिम कार्रवाई पूर्ण कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि तम्बौर एवं आसपास के हजारों युवा वर्षों से खेल मैदान की सुविधा से वंचित हैं और स्टेडियम बनने से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मंच मिलेगा।
क्षेत्रीय युवाओं और खेल प्रेमियों में अब उम्मीद बढ़ गई है कि शासन स्तर से जल्द स्वीकृति मिलने के बाद तम्बौर स्टेडियम निर्माण का सपना जल्द साकार होगा।
