तंबौर में वृक्षों के साथ ही रोपित की गई उम्मीदों की पौध

तंबौर (सीतापुर): 5 जून पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत तंबौर-अहमदाबाद में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम ने केवल हरियाली बढ़ाने का संदेश ही नहीं दिया, बल्कि नगर के सहभागी विकास और सकारात्मक बदलाव की नई उम्मीदों का भी संचार किया।जिलाधिकारी के निर्देशानुसार निर्धारित कार्ययोजना के तहत तंबौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अधिशासी अधिकारी सुभाष चंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष तय्यबुन निशा तथा सभासदों की मौजूदगी में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का भी प्रयास किया गया।

वृक्षारोपण से पूर्व एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें नवागंतुक अधिशासी अधिकारी सुभाष चंद्र सिंह ने अपना परिचय देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान सभासदों ने नगर पंचायत से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और अपनी चिंताओं को क्रमवार रखा।अधिशासी अधिकारी ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि नगर पंचायत तंबौर में अब प्रशासनिक कार्यवाही पूरी तरह “विधि के शासन” के सिद्धांत पर आधारित होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि और अधिकारी के अपने अधिकार एवं दायित्व हैं, जिनका निर्वहन उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप किया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी से आह्वान किया कि नगर पंचायत की नकारात्मक छवि को पीछे छोड़ते हुए विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के नए अध्याय की शुरुआत की जाए। विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधे केवल वृक्ष नहीं हैं, बल्कि बेहतर भविष्य की उम्मीदों के प्रतीक हैं।

इस अवसर पर सभासद मोहम्मद जईम, मोहम्मद रेहान, अजय पटेल, राम सिंह, मोहम्मद अलीम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष तय्यबुन निशा ने कहा कि नगर पंचायत लंबे समय से विभिन्न चुनौतियों से जूझ रही है और अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में इन समस्याओं से बाहर निकलने के लिए सभी जनप्रतिनिधि पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और विकास की नई सोच का संगम बनकर सामने आया, जिसने नगर पंचायत तंबौर में सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीदों को और मजबूत किया।

Leave a comment