सीतापुर: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ, जनपद शाखा सीतापुर की नव निर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारी हितों के दायित्वों का निर्वहन करते हुए शासन और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने तथा पूर्ण निष्ठा एवं लगन से कार्य करने का आह्वान किया।

गौरतलब है कि कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ की पूर्व कार्यकारिणी के जिलाध्यक्ष आलोक कुमार मिश्र के सेवानिवृत्त होने के उपरांत 23 मई 2026 को नई कार्यकारिणी का निर्वाचन सम्पन्न हुआ था। निर्वाचन में विपिन यादव जिलाध्यक्ष, सौम्य स्वरूप श्रीवास्तव जिला महामंत्री, नीतू कुमारी उपाध्यक्ष, प्रमोद कुमार यादव संगठन मंत्री, आनन्द वीर प्रताप सिंह सम्प्रेक्षक, राहुल वर्मा कोषाध्यक्ष, मोहित पाण्डेय संयुक्त मंत्री तथा देवेश अवस्थी सांस्कृतिक एवं क्रीड़ामंत्री निर्वाचित हुए।
शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के प्रवेश द्वार पर पुरुषोत्तम ज्येष्ठ माह के अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान महावीर हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।पूजन के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। उनके इस आत्मीय व्यवहार से उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सिधौली सहित कलेक्ट्रेट परिवार के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।
