लहरपुर/सीतापुर। नगर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर बुधवार को पूर्व विधायक सुनील वर्मा ने जनमिलन कार्यक्रम आयोजित कर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जनमिलन कार्यक्रम में विनोद वर्मा पूर्व प्रधान ने जमीन पैमाइश से जुड़ी समस्या रखी, जिस पर पूर्व विधायक ने तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं बेहटा से आए बीडीसी अम्बिका गौतम ने क्षेत्र में बिजली समस्या से अवगत कराया, जिसके समाधान हेतु विद्युत उपखंड अधिकारी को निर्देशित किया गया। ममता भार्गव ने पुलिस से संबंधित शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कोतवाली प्रभारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा क्षेत्र के अन्य लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने भू-पैमाइश, बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, पेंशन, आवास और राशन कार्ड जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पूर्व विधायक सुनील वर्मा ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा सरकार की योजनाओं को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएं तथा आगामी चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करें।
कार्यक्रम में जिला मंत्री मनोज गुप्ता, नगर अध्यक्ष विनीत जायसवाल, मंडल अध्यक्ष परसेंडी अमित त्रिपाठी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख परमेश्वर भार्गव, पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम वर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ममता भार्गव, अंकुर वर्मा, प्रधान महेश वर्मा, प्रधान शुभम श्रीवास्तव, संजय शुक्ला, प्रदीप वर्मा, अखिलेश दीक्षित, शिवम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
