नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में निकाली गई स्कूटी रैली

सीतापुर। केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में एक विशाल स्कूटी रैली स्थानीय सरोजिनी वाटिका पार्क से नगर भ्रमण के लिए निकाली गई। यह रैली आंख अस्पताल, लालबाग, घंटाघर एवं गुरुद्वारा होते हुए पुनः सरोजिनी वाटिका स्थल पर संपन्न हुई।

इस रैली में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं एवं गृहिणी नारी शक्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नारी शक्ति के चेहरे पर अपनी कानूनी भागीदारी सुनिश्चित होने की खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। रैली में शामिल महिलाओं ने इस अधिनियम के लिए केंद्र सरकार के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है, जहां नारी की पूजा की जाती है, और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसे केवल शब्दों तक सीमित न रखकर धरातल पर भी सिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से 33 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को कानून निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदारी प्रदान की गई है, जिसकी सराहना देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया करेगी।उन्होंने आगे कहा कि सृष्टि का निर्माण मातृशक्ति के बिना संभव नहीं है और उस मातृशक्ति को सम्मान देकर अनंत पुण्य की अनुभूति होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में नारी शक्ति के बल पर भारत एक महान शक्ति के रूप में उभरेगा और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर रहेगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री पटेल रेखा वर्मा ने उपस्थित सभी मातृशक्ति का वंदन एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं को सशक्तिकरण मिला है और भाजपा सरकार के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है। रैली में सैकड़ों की संख्या में नारी शक्ति की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष जया सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष कंचन प्रभा पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अवस्थी, लक्ष्मी पांडेय, ममता डूडेजा, सीमा कुमारी, कुसुम सिंह, जूही जायसवाल सहित विश्राम सागर राठौर, महेश शर्मा, नैमिष रत्न तिवारी, सचिन मिश्रा, आकाश अग्रवाल, ऋषभ चंद्र त्रिवेदी, जयप्रकाश एवं अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a comment