सीतापुर: बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट के लिए स्कूलों में विशेष अभियान, 300 से अधिक छात्र लाभान्वित

सीतापुर। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से जनपद में बच्चों के आधार में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीतापुर स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल में 1 अप्रैल से आधार कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अब तक 300 से अधिक बच्चों ने अपने आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराया है।

अभियान के तहत बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूल में पेंटिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिन बच्चों ने बायोमेट्रिक अपडेट कराया, उन्हें यूआईडीएआई के उपनिदेशक आदित्य प्रकाश वाजपेई और स्कूल की प्राचार्य रश्मी वर्मा द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।उपनिदेशक ने जानकारी दी कि नवीन चैक के पास अगले महीने से 16 आधार किटों वाला नया केंद्र शुरू किया जाएगा, जिससे जिलेवासियों को आधार सेवाएं और अधिक सुलभ हो सकेंगी। कार्यक्रम में प्राधिकरण के मीडिया प्रबंधक अकरम अली और आधार सेवा केंद्र के संचालन प्रबंधक अनुज श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।अभियान में उत्कृष्ट सहयोग के लिए लखनऊ पब्लिक स्कूल को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों को बायोमेट्रिक अपडेट के लिए प्रेरित करने वाले एनजीओ ‘आदर्श शिक्षा सदन सेवा समिति’ को भी सम्मानित किया गया।

यूआईडीएआई द्वारा विशेष रूप से उन बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट पर जोर दिया जा रहा है, जो 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक अपडेट नहीं करा पाए हैं। नियमानुसार 5 वर्ष की आयु पर पहला और 15 वर्ष की आयु पर दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट (फिंगरप्रिंट, आईरिस और फोटो) अनिवार्य है।अधिकारियों ने बताया कि समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने से बच्चों को स्कूल में प्रवेश, प्रतियोगी परीक्षाओं में पंजीकरण, छात्रवृत्ति और डीबीटी योजनाओं का लाभ लेने में कोई बाधा नहीं आती।जिला प्रशासन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारियों तथा सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करते हुए बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट शीघ्र सुनिश्चित कराएं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर अपने बच्चों का अनिवार्य अपडेट अवश्य कराएं।

Leave a comment