विशेष संवाददाता, रियासत अली सिद्दीकी
सीतापुर/जवाहरपुर: डालमिया चीनी मिल, जवाहरपुर द्वारा आज दिनांक 13 अगस्त 2026, दिन बृहस्पतिवार को मानसून गन्ना बुआई अभियान का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप हेड श्री पंकज रस्तोगी जी द्वारा तीन अलग-अलग स्थानों पर किया गया। इस अवसर पर किसानों में उत्साह एवं उमंग का माहौल देखने को मिला।
मानसून प्लांटिंग के अंतर्गत प्रथम स्थान पर कृषक लालाराम एवं बालकराम, ग्राम तेजीपुरवा, द्वितीय स्थान पर कृषक प्रमोद कुमार एवं नत्थाराम, ग्राम इस्लाम नगर तथा तृतीय स्थान पर कृषक बालकराम एवं छोटकन्नू, ग्राम तेजीपुरवा के खेतों में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ फीता काटकर गन्ना बुआई की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर ग्रुप सीएफओ श्री संदीप गर्ग, कॉर्पोरेट आईटी हेड श्री राजेश लाल दास, ग्रुप एचआर हेड श्री अभिषेक बढ़ेरिया, यूनिट हेड श्री लोकेन्द्र सिंह लांबा, केन हेड श्री आजाद सिंह, श्री बब्बन सिंह, श्री पी.पी. शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को मानसून गन्ना बुआई के लाभों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक क्षेत्रफल में वैज्ञानिक एवं उन्नत तकनीक से गन्ने की खेती करने के लिए प्रेरित किया।
गन्ने की उत्पादकता बढ़ाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य
मानसून गन्ना बुआई प्रारंभ करने का मुख्य उद्देश्य गन्ने की उत्पादकता में वृद्धि के साथ-साथ गन्ना क्षेत्रफल का विस्तार करना है। मानसून में की जाने वाली गन्ने की बुआई किसानों के लिए कई दृष्टिकोण से लाभकारी मानी जाती है। इस विधि में गन्ने के बीज की आवश्यकता अपेक्षाकृत कम होती है और उचित प्रबंधन एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।
मानसून प्लांटिंग की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि किसान गन्ने के साथ अंतःफसल (Intercropping) लेकर अपनी अतिरिक्त आय बढ़ा सकते हैं। इससे गन्ने की फसल तैयार होने तक किसान को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलता है तथा खेत का बेहतर उपयोग संभव होता है।
कम लागत में बेहतर उत्पादन की संभावना
मानसून गन्ना बुआई विशेष रूप से हल्की मिट्टी वाले क्षेत्रों में किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। कम लागत में गन्ने की बेहतर स्थापना, कम बीज की आवश्यकता तथा उचित कृषि प्रबंधन के माध्यम से अधिक उत्पादन प्राप्त करने की संभावना रहती है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे गन्ने की बुआई के लिए उन्नत एवं स्वस्थ बीज का चयन करें, समय पर बुआई करें तथा गन्ना विभाग द्वारा बताए गए वैज्ञानिक तरीकों एवं कृषि तकनीकों का पालन करें। इससे न केवल प्रति हेक्टेयर गन्ना उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
डालमिया चीनी मिल, जवाहरपुर द्वारा मानसून गन्ना बुआई अभियान के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक गन्ना खेती से जोड़ने तथा अधिक उत्पादन, बेहतर गुणवत्ता और किसानों की आय में वृद्धि के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। मिल प्रबंधन ने क्षेत्र के किसानों से मानसून प्लांटिंग को अपनाकर इसका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।



