समृद्धि तिवारी बनीं अंडर-17 शतरंज चैंपियन


सीतापुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल में आयोजित यूपी स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप के अंतर्गत अंडर-17 गर्ल्स वर्ग का रोमांचक समापन हुआ, जिसमें वाराणसी की समृद्धि तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।

फाइनल राउंड में समृद्धि ने अपने ही शहर की विधि एंजेलिना को कारो-कान ओपनिंग में बेहतरीन रणनीति के साथ पराजित किया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए निर्णायक जीत हासिल की।

 लखनऊ की सान्वी अग्रवाल 4.5 अंकों के साथ उपविजेता रहीं, जबकि 4 अंकों के साथ विधि एंजेलिना को तीसरा स्थान मिला। चौथे स्थान पर लखनऊ की पूर्णिका गुप्ता रहीं, वहीं गाजियाबाद की वृत्ति जैन 3.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। शीर्ष दो खिलाड़ी समृद्धि तिवारी और सान्वी अग्रवाल अब आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।


 अंडर-13 ओपन वर्ग में शिवाय सिंह शीर्ष पर

अंडर-13 ओपन वर्ग में पांच राउंड के बाद प्रयागराज के शिवाय सिंह 5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर प्रयागराज के सात्विक श्रीवास्तव और मथुरा के पर्व चौधरी 4.5-4.5 अंकों के साथ मजबूत दावेदारी बनाए हुए हैं। तीसरे स्थान की दौड़ में गाजियाबाद के विवान वरण, खीरी के वर्धन गुप्ता, कुशीनगर के आरूष सिंह सैनी, लखनऊ के पार्थ गुप्ता और मेरठ के अर्णव त्यागी 4-4 अंकों के साथ संयुक्त रूप से बने हुए हैं।



यह प्रतियोगिता प्रदेश के उभरते शतरंज खिलाड़ियों के लिए शानदार मंच साबित हो रही है, जहां युवा प्रतिभाएं अपने कौशल का लोहा मनवा रही हैं।

Leave a comment