निर्वाचन कार्यो के लिये शिक्षकों, कर्मचारियों के विरूद्ध एक तरफा कार्यवाही रोकने की माँग, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र

सीतापुर, 04 मई। निर्वाचन कार्यो में शिथिलता बरतने वाले शिक्षकों कर्मचारियों के विरूद्ध प्रशासन द्वारा की जा रही एक तरफा कार्यवाही का विरोध उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष सरेन्द्र गुप्ता, जिला मन्त्री आराध्य शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी खुश्तर रहमान एवं जिला महामन्त्री मोहम्मद नईम शेख द्वारा संयुक्त रूप् से जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी के चलते जनमानस परेशान है। लोग बीमारियों से ग्रसित हैं। कई परिवारों में शादी (विवाह) की तिथियाँ नजदीक हैं। कई लोगों के परिवार के सदस्य भंयंकर बीमारियों से लड़ रहे हैं। इसके अलावा आवागमन के समय दुर्घटना होना सामान्य बात है। ऐसी स्थिति में यदि कोई शिक्षक/कर्मचारी निर्वाचन हेतु प्रशिक्षण में नहीं उपस्थित हो सका तो उसे अपना प़क्ष प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किये बिना उपरोक्त वर्णित कार्यवाही निःसन्देह शिक्षकों/कर्मचारियों के प्रति न्यायोचित नहीं है। इससे उनका मनोबल टूटेगा और वे हतोत्साहित होगें।

संगठन पदाधिकारियों द्वारा अपने पत्र में यह भी लिखा गया है कि निर्वाचन कार्यो में जिन शिक्षकों/ कर्मचारियों के स्तर से किसी प्रकार की कोई शिथिलता बरती गई है, तो उसे अपना पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर अवश्य प्रदान किया जाय तथा प्रकरण में जांचोपरान्त ही अन्तिम निर्णय लिया जाय। क्योंकि शिक्षकों/कर्मचारियों के विरूद्ध की गई कोई भी कार्यवाही व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं रहती अपितु उससे पूरा परिवार प्रभावित होता है और परिवार का प्रत्येक सदस्य विषम परिस्थितियों का सामना करने को बाध्य होता है।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी से माँग की है कि प्रकरण पर जाँच रिपोर्ट आने तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी किये गए पत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाय। मांग पत्र की प्रति जिला स्तरीय अन्य अधिकारियों के साथ ही मु,य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को भी भेजी गई है।

रिपोर्ट-  खुश्तर रहमान खाँ 

Leave a comment