सुलतानपुर में पत्रकारों से मुखातिब राधेश्याम बोले सरकारी सुविधा लेने वाले छोड़े सुविधा
सिस्टम पर उठाया सवाल कहा कि वोट लेने वालों के बच्चे विदेश में और वोट देने वालों के बच्चें सरकारी स्कूल में पढ़े
संतोष यादव, सुलतानपुर
सुल्तानपुर। शिक्षा में समानता की मांग को लेकर अर्से से अभियान चलाने वाले बलिया जिले के जनप्रतिनिधि रह चुके शहीद भगत सिंह आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधेश्याम यादव अपने अभियान के साथ सुलतानपुर पहुँचे जहाँ प्रेस क्लब में पत्रकारों से कहा कि देश के सभी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने बच्चों के साथ-साथ पार्टी के पूर्व व वर्तमान विधायक व सांसद के बच्चों को सरकारी स्कूल में पढ़ाएं नहीं तो उनसे सरकारी सुविधा छुड़वाए। राधेश्याम यादव ने सिस्टम पर ही सवाल उठाया और कहा कि आखिर एक देश में दो तरह की शिक्षा व्यवस्था क्यों, सरकारी स्कूल में सिर्फ किसान ,मजदूर ,रिक्शा चालक, ठेला चालक और फुटपाथ पर रहने वालों का बच्चा ही पढेगा और सरकारी सुविधा लेने वालों का बच्चा प्राइवेट स्कूल में पढेगा आखिर ऐसी असमानता क्यूँ। वोट पाने वाले नेताओं का लड़का विदेश में पढ़ेगा और वोट देने वाले गरीबों का बच्चा सरकारी स्कूल में ही पढ़ेगा। यह दोहरी नीति देश हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों को कुछ राजनीतिक दलों का समर्थन भी मिला है। लेकिन वह प्रयाप्त नही है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश और प्रदेश में सरकारी शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने-पढ़ाने की व्यवस्था का स्तर गिर चुका है। इसके पीछे सारा दोष हमारे चुने गए जनप्रतिनिधियों का है। वह पद पाते ही उनका स्तर अचानक बढ़ जाता है। वह बच्चों को पढ़ाने के लिए प्राइवेट विद्यालय में ,यहां तक कि विदेश तक भेजते हैं। जबकि आज देशवासी जिसमें सबसे ज्यादा मध्य ,निम्न आय वर्ग व गरीब वर्ग के लोग अपने बच्चों को सरकारी विद्यालय में ही पढ़ाते हैं । श्री यादव ने बताया कि शिक्षा एक समान होने के लिए पिछले 2 सालों से वे अपनी मुहिम के साथ जनता के बीच जा रहे है। अब तक 4000 किलोमीटर साइकिल से जन जागरण कर चुके हैं। इतना ही नहीं हरिद्वार से दंडवत मार्च करके दिल्ली में प्रधानमंत्री कार्यालय तक अपना ज्ञापन सौप चुका हूं । इन्हीं मुद्दों को उठाने पर उनकी सात बार गिरफ्तारी भी हो चुकी है। राधेश्याम यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश ,बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र ,मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा ,पंजाब समेत कई राज्यों में दंडवत मार्च करके अब तक ज्ञापन सौंप चुके है। श्री यादव बोले कि इधर बीच अमेठी, रायबरेली, इलाहाबाद ,आजमगढ़ ,गोरखपुर एवं बनारस जैसे जिलों में शिक्षा एक समान पर अनवरत जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।
