रियासत अली सिद्दीकी, विशेष संवाददाता
रामकोट-सीतापुर। डालमिया भारत शुगर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड, यूनिट जवाहरपुर में शुक्रवार को जिला चिकित्सालय, सीतापुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चीनी मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर मिल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दिया।

शिविर में जिला चिकित्सालय, सीतापुर से आए चिकित्सकीय दल द्वारा रक्तदाताओं की आवश्यक जांच की गई तथा सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा गया कि रक्तदान एक महान सामाजिक सेवा है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है।
इस अवसर पर यूनिट के अधिकारियों, विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
इकाई प्रमुख लोकेंद्र सिंह लांबा, विजयपाल सिंह, अरविंद गंगवार, नितेश कुमार, सुधीर वर्मा सभी गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी व कर्मचारियों ने ब्लड डोनेशन किया कुल 43 यूनिट ब्लड डोनेट किया गया।
