रोमांचक फाइनल में आंशी त्रिपाठी को हराया, दीपांजली श्रीवास्तव उपविजेता
सीतापुर के दिल्ली पब्लिक स्कूल में चल रही यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में शनिवार को अंडर-11 गर्ल्स वर्ग का शानदार समापन हुआ। प्रयागराज की उभरती सितारा संस्कृति यादव ने अंतिम चक्र के बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले में वाराणसी की आंशी त्रिपाठी को मात देकर 5.5 अंकों के साथ खिताब पर कब्जा जमा लिया।

कैसा रहा टूर्नामेंट:
गोरखपुर की दीपांजली श्रीवास्तव ने भी दमदार खेल दिखाते हुए 5 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बिजनौर की गौरी त्यागी और वाराणसी की परीक्षिता दुबे दोनों ने 4.5-4.5 अंक बनाए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के चलते गौरी त्यागी तीसरे और परीक्षिता दुबे चौथे स्थान पर रहीं।

मुरादाबाद की इनाया आज़म के लिए अंतिम चक्र निराशाजनक रहा। जीत की दहलीज पर पहुंचकर बाजी गंवाने के कारण उन्हें पांचवें स्थान से संतोष करना पड़ा।
अब राष्ट्रीय चुनौती:
शीर्ष दो स्थानों पर रहीं संस्कृति यादव और दीपांजली श्रीवास्तव अब आगामी राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की ओर से दावेदारी पेश करेंगी।
अंडर-15 ओपन का हाल:
वहीं अंडर-15 ओपन वर्ग में चार चक्रों के बाद मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। गौतम बुद्ध नगर के अयान त्रिखा, प्रयागराज के याकूब हुसैन और वाराणसी के शिवाय सिंह 4-4 अंकों के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर चल रहे हैं।
बिजनौर के स्पर्श कुमार और गोरखपुर के रक्षित शेखर द्विवेदी 3.5-3.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। इसके अलावा प्रग्नेय बघेल, आदित्य गुप्ता, लक्ष्य निगम समेत 15 खिलाड़ी 3-3 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।





