विधि एंजेलिना बनीं अंडर-19 गर्ल्स चैंपियन, पर्व चौधरी ने अंडर-13 ओपन वर्ग में लहराया जीत का परचम

सीतापुर: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप में गुरुवार को रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब अंडर-19 गर्ल्स एवं अंडर-13 ओपन वर्ग की प्रतियोगिताओं का शानदार समापन हुआ। प्रदेशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति, धैर्य और अद्भुत खेल कौशल से दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

अंडर-19 गर्ल्स वर्ग में वाराणसी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी Vidhi Angelina ने अंतिम चक्र में प्रयागराज की अनुप्रिया यादव के साथ मुकाबला ड्रॉ खेलते हुए कुल 4.5 अंक अर्जित किए और शानदार प्रदर्शन के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

वहीं, वाराणसी की समृद्धि तिवारी ने लखनऊ की पर्णिका गुप्ता को मात देकर उपविजेता स्थान अपने नाम किया।प्रतियोगिता में प्रयागराज की अनुप्रिया यादव और गाजियाबाद की खुशीका मित्तल ने समान 4-4 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर अनुप्रिया तीसरे और खुशीका चौथे स्थान पर रहीं। लखनऊ की सान्वी अग्रवाल ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।

इस वर्ग में शीर्ष चार खिलाड़ियों ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

उधर, अंडर-13 ओपन वर्ग में मथुरा के उभरते खिलाड़ी Parv Chaudhary और प्रयागराज के शिवाय सिंह के बीच खिताबी जंग बेहद रोमांचक रही। दोनों खिलाड़ियों ने 8-8 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर पर्व चौधरी को विजेता और शिवाय सिंह को उपविजेता घोषित किया गया।

गाजियाबाद के विवान वरुण, लखनऊ के प्रणव रस्तोगी और महाराजगंज के अयांश सिंह ने 6.5-6.5 अंक हासिल किए। टाई-ब्रेक के आधार पर विवान वरुण तीसरे, प्रणव रस्तोगी चौथे और अयांश सिंह पांचवें स्थान पर रहे।अंडर-13 ओपन वर्ग में शीर्ष दो स्थान प्राप्त करने वाले पर्व चौधरी एवं शिवाय सिंह अब आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अब प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ने वाला है, क्योंकि 8 मई 2026 से अंडर-11 गर्ल्स एवं अंडर-15 ओपन वर्ग की मुकाबलों की शुरुआत होगी, जिसमें प्रदेशभर के कई उभरते शतरंज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Leave a comment