• मनीष यादव
कछौना (हरदोई)। गर्मी के मौसम में बुखार, डायरिया, दस्त और उल्टी जैसी बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कछौना कस्बे व गाजू रोड क्षेत्र में कई क्लीनिकों, मेडिकल स्टोर और पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कई संस्थान सील किए गए, जबकि अन्य संचालक कार्रवाई की भनक लगते ही शटर बंद कर फरार हो गए।
स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज सिंह के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में टीम ने गाजू रोड स्थित मकरंद मेडिकल स्टोर पर मरीजों का अवैध इलाज होते पाया। मौके पर कोई योग्य चिकित्सक मौजूद नहीं मिला और मरीज भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। टीम ने तत्काल मेडिकल स्टोर को सील कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।इसके बाद अभिराज पैथोलॉजी सेंटर पर जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उसे भी सील कर दिया गया। डॉक्टर चंद्रा क्लीनिक में मेडिकल काउंसिल पंजीकरण, सीएमओ से जारी लाइसेंस और पंजीकृत चिकित्सक की अनुपस्थिति मिलने पर कार्रवाई की गई। वहीं प्रदीप सोनी क्लीनिक को भी अनियमितताओं के चलते सील किया गया।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नारायण हॉस्पिटल पर भी कार्रवाई करते हुए अस्पताल में योग्य चिकित्सकों की कमी, मेडिकल काउंसिल पंजीकरण और बायो वेस्ट मैनेजमेंट प्रमाण पत्र न मिलने पर उसे सील कर दिया। इसके अलावा हसमत अली क्लीनिक और गाजू रोड स्थित बालाजी पॉली क्लीनिक पर बिना पंजीकरण मरीजों का इलाज करते पाए जाने पर सील की कार्रवाई की गई।ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया। कई संचालकों ने कार्रवाई की सूचना मिलते ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।
नोडल अधिकारी डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों, पैथोलॉजी और अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बिना मानकों के स्वास्थ्य सेवाएं देना आम जनता के जीवन से खिलवाड़ है और ऐसे संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
