“सफलता अंकों से नहीं, आत्मविश्वास से मिलती है” — तनुश्री मेहरोत्रा

डीपीएस सीतापुर के ‘अचीवर्स डे’ में प्रतिभाओं का हुआ भव्य सम्मान

सीतापुर | शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में ‘अचीवर्स डे 2025–26’ का आयोजन भव्य और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन एवं सर्वांगीण विकास को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा ( प्रो वाइस चेयरपर्सन, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर) के पारंपरिक तिलक एवं आत्मीय स्वागत से हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्य आर.के. सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्हें पौधा भेंट किया। दीप प्रज्ज्वलन एवं भक्ति गीत के साथ समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

अपने स्वागत संबोधन में प्रधानाचार्य आर के सिंह ने विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयास के महत्व को रेखांकित किया। वहीं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि तनुश्री मेहरोत्रा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर प्रयास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास से मिलती है। असफलता भी सफलता की सीढ़ी है।” उन्होंने विद्यार्थियों को हर चुनौती को अवसर के रूप में स्वीकार कर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य और मधुर समूहगान ने सभी का मन मोह लिया और समारोह को जीवंत बना दिया।

🎖️ पुरस्कार वितरण रहा मुख्य आकर्षण


इस अवसर पर विद्यार्थियों को सर्वाधिक अनुशासित, उत्कृष्ट वेशभूषा, शत-प्रतिशत उपस्थिति एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता (प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान) जैसी विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य तथा वरिष्ठ शिक्षिकाओं फराह इमाम एवं सविता सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया, साथ ही विद्यालय की उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता को भी उजागर किया।

Leave a comment