अयोध्या। मखौड़ाधाम स्थित श्री राम जानकी मंदिर से अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मंदिर के श्री महंत बिंदु. स्वामी देवेंद्र प्रसाद आचार्य जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
आयोजक सूर्य नारायण दास वैदिक ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष परंपरागत रूप से किया जाता है। कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और जगह-जगह स्वागत भी किया गया।
यात्रा के दौरान मनोरमा नदी के तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यज्ञशाला में कलश स्थापना कर सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के तहत कथा, हवन-यज्ञ एवं रामलीला का भी आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वामी देवेंद्र प्रसाद आचार्य जी महाराज ने मखौड़ाधाम की महत्ता बताते हुए कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार यह वही स्थल है जहां राजा दशरथ ने पुत्र प्राप्ति के लिए यज्ञ किया था। इसी कारण यहां प्रतिवर्ष श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर हवन-पूजन करते हैं और भगवान श्रीराम से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।कार्यक्रम में मंदिर से जुड़े भक्तगण, यजमान, स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया।
