स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को किया नमन, राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान।

सीतापुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार परिसर में जिलाधिकारी डॉ0 राजागणपति आर0 ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के उपरान्त उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया तथा तिरंगे को सलामी दी गई। पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत नजर आया। सेवानिवृत्त अपर जिला बचत अधिकारी विपिन चन्द्र शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त हमारे लिए केवल एक राष्ट्रीय पर्व ही नहीं, बल्कि उन असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों और अमर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिनके अथक प्रयासों और सर्वाेच्च बलिदान के फलस्वरूप देश को स्वतंत्रता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी की है। देश की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता से ही विकसित एवं सशक्त भारत का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द एवं सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने जनपद के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका सीधा लाभ आम नागरिकों के जीवन में दिखाई दे। उन्होंने अधिकारियों से विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास तथा राष्ट्र निर्माण में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भी स्मरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं देशभक्ति की भावना के साथ हुआ।

Leave a comment