सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान (जिला प्रशिक्षण वर्ग) 2026 का समापन प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के प्रेरक उद्बोधन के साथ संपन्न हुआ। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में कुल 11 सत्र आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न प्रशिक्षकों द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के इतिहास, विकास एवं वैचारिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अटल बिहारी वाजपेयी के संघर्षपूर्ण जीवन एवं योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण करना है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत को विश्व स्तर पर अभूतपूर्व सम्मान प्राप्त हुआ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उस गौरवगाथा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में विश्व पटल पर भारत का ध्वज सम्मान के साथ लहरा रहा है।
डॉ. शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस प्रशिक्षण के बाद सभी को मिशन 2027 के लिए पूरी शक्ति के साथ कार्य करना है तथा दो-तिहाई बहुमत के साथ उत्तर प्रदेश में पुनः भाजपा सरकार बनानी है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी अनुशासन का पालन करते हुए संगठन को मजबूत बनाना होगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रभारी पूर्व सांसद रेखा वर्मा ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को संगठित होकर पार्टी द्वारा दिए गए लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पार्टी की कार्यप्रणाली एवं संगठनात्मक संरचना के विषय में विस्तार से जानकारी दी। अंत में जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आज से ही मिशन 2027 में जुट जाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण वर्ग की संयोजक एवं प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने भी सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधायक शशांक त्रिवेदी, विधायक मनीष रावत, विधायक रामकृष्ण भार्गव, निवर्तमान विधायक सुनील वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, क्षेत्रीय महामंत्री नीरज वर्मा, जिला प्रभारी नीरज सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, राष्ट्रीय परिषद सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी, निवर्तमान जिला अध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, विश्राम सागर राठौर, विपुल प्रताप सिंह, सुधाकर शुक्ला, पटेल रेखा वर्मा, महेश शर्मा, नैमिष रत्न तिवारी, प्रखर जायसवाल, सुधीर वर्मा, विवेक श्रीवास्तव, आकाश अग्रवाल, कामेश शुक्ला, नीरज अवस्थी, रितेश सिंह गौर, महेंद्र वर्मा, अजय विश्वकर्मा, उदित बाजपेयी, अनूप विश्वकर्मा, राहुल जायसवाल, अमन विक्रम सिंह, रामप्रताप सिंह, सुधीर कुमार वर्मा सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं अपेक्षित गण उपस्थित रहे।
