सीतापुर। मानपुर थाना क्षेत्र के बन्नीखरैला के मजरा खरैला में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मछली पालन के लिए बनाए गए तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि तालाब में एक युवक को डूबता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों किशोर गहरे पानी में समा चुके थे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए।
पहचान कराने पर मृतकों की पहचान महमदापुर ग्राम पंचायत के रमईपुर निवासी कपिल (12) पुत्र सुरेन्द्र यादव तथा अर्पित (13) पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई। अर्पित मूल रूप से भनवापुर थाना तालगांव का निवासी था और अपने ननिहाल में रह रहा था।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों किशोर मछली पालन के तालाब में नहाने गए थे। तालाब में पानी समरसेबल के जरिए भरा गया था और उसमें कई जगह गहरे गड्ढे थे। नहाते समय दोनों किशोर गहरे पानी में चले गए, जहां पैर न लगने से वे डूब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताने पर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
