सीतापुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में हरगांव विधानसभा के विभिन्न मंडलों—शाहपुर, नवीनगर, झरेखापुर एवं हरगांव—में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जबकि लहरपुर मंडल में महाभियान के प्रथम सत्र का शुभारंभ किया गया।
लहरपुर में आयोजित प्रथम सत्र में क्षेत्रीय मंत्री डॉ. विमल सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान की रूपरेखा, दिशा-निर्देशों और संगठनात्मक अनुशासन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी है और इस प्रशिक्षण के माध्यम से पदाधिकारियों को दक्ष व सक्रिय बनाया जा रहा है।

वहीं हरगांव मंडल में आयोजित समापन सत्र में जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने मुख्य वक्ता के रूप में पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास और विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए 2027 में सीतापुर की सभी नौ विधानसभा सीटों पर कमल खिलाने के लक्ष्य के लिए अभी से जुट जाएं।
कार्यक्रम में हरगांव विधायक एवं कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां और संगठनात्मक मजबूती ही आगामी चुनाव में बड़ी जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन के साथ पार्टी अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर प्रांतीय परिषद सदस्य वीरेंद्र पुरी, जिला उपाध्यक्ष विश्राम सागर राठौर, जिला महामंत्री पटेल रेखा वर्मा, विपुल प्रताप सिंह, रितेश सिंह गौर, सचिन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
