“गंगा की आरती के बीच भारतीय टीम के लिए ‘विजयी भव’ का उद्घोष “

टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत की जीत के लिए नमामि गंगे ने वेद पाठी बटुकों के साथ की विशेष पूजा-अर्चना ”

वाराणसी। टी-20 विश्व कप का खिताब एक बार फिर भारत आए, इसके लिए नमामि गंगे ने काशी के पौराणिक सिंधिया घाट पर महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के वेदपाठी बटुकों के साथ वेद मंत्रों के बीच मां गंगा की आरती उतार कर भारतीय क्रिकेट टीम के लिए “विजयी भव” का उद्घोष किया । रविवार को भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मैच से पहले गंगा की लहरों के बीच राष्ट्रध्वज तिरंगा, भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर संग उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए हाथ जोड़कर और गंगा की पावन लहरों को साक्षी मानकर सभी ने एक स्वर में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत की प्रार्थना की। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में स्वस्तिवाचन, द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और श्रीकाशी विश्वनाथष्टकम के मंत्र सिंधिया घाट पर भारतीय क्रिकेटरों के आशीर्वाद हेतु गूंजते रहे । गंगा सेवक एवं पूर्व में राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी रहे राजेश शुक्ला ने कहा कि महादेव व मां गंगा का आशीर्वाद मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों को मानसिक शक्ति प्रदान करेगा। भारत में क्रिकेट महज एक खेल नहीं, बल्कि एक भावना और जुनून है।

आज शाम अहमदाबाद के मैदान पर जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ उतरेगी, तो उनके साथ मां गंगा का आशीर्वाद और करोड़ों भारतीयों की दुआएं होंगी। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला हरिओम मिश्रा, सौरभ मिश्रा, राजेंद्र नागर, सुहासिनी शर्मा, शालिनी बरनवाल महर्षि योगी वेद विज्ञान विद्यापीठ के बटुक शामिल रहे ।

Leave a comment