सीतापुर में नगर पंचायत सिधौली की सराहनीय पहल सामने आई है। नगर में पहली बार कूड़ा बेचकर नंगर पंचायत सिधौली ने 50000 रुपये कमाये हैं।
सीतापुर (सिधौली)- नगर पंचायत सिधौली को स्वच्छ व सुन्दर बनाने की दिशा में ईओ रेणुका यादव की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। नगर पंचायत सिधौली कूड़े से आय प्राप्त कर रही हैं। नगर पंचायत स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से प्राप्त सूखे कूड़े को प्रोसेसिंग के उपरांत प्राप्त मटेरियल जैसे प्लास्टिक, गत्ता, बोतले आदि कुल 5858 किलोग्राम वेस्ट मटेरियल की बिक्री की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा वेस्ट मटेरियल ले जा रही तीनों गाड़ीयों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उन्होंने नगर वासियों से अपने घरों से निकलने वाले कूड़े को अलग-अलग (गीला व सूखा) देने की अपील की है।


नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव ने बताया कि नगर को स्वच्छ व सुन्दर रखने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। सफाई कर्मियों की ओर से घरों से जैविक व अजैविक कूडे को अलग अलग लाया जा रहा है। नगर पंचायत की अजैविक कूड़ा बेचने से पचास हजार की आय प्राप्त हुई है। नगर में पहली बार अजैविक कूड़े से आय का सृजन किया गया है।


उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में कंपोस्टिंग यूनिट लगाकर खाद बनाने का काम भी किया जा रहा है। जैविक कूडे़ को इसमें डिस्पोज कर खाद तैयार की जा रही हैं, जिससे नगर की आमदनी में इजाफा होगा।
