सीतापुर: जनपद शराब बिक्री में प्रदेश में पहले स्थान पर है आज यह समाचार पत्रों के माध्यम से संज्ञान में आया। पहले दिमाग़ में यह बात आई कि क्या सिर्फ सरकारी विज्ञापन ही लोगों को जागरुक करते रहेंगे कि “शराब पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
” हमारी अपनी कोई ज़िम्मेदारी नहीं? लेकिन हां समस्या यह भी तो है कि पहले हम स्वयं छोड़ें तब ही तो दूसरों को बोलें। सीतापुर के बुद्धिजीवी वर्ग के लिए यह रिपोर्ट बहुत ही कष्टदायी है, दूसरी ओर यह रिपोर्ट पढ़ कर लोग आपस में हंसी ठिठोली कर रहे होंगे। लेकिन ध्यान रहे यह विषय हंसी ठिठोली का नहीं है यह हमारे जिले के लिए चिन्ता का विषय है, भविष्य में इसके घातक परिणाम सामने आएंगे। आने वाली पीढ़ियां इससे प्रभावित हो रही हैं।
शराब पीने से मनुष्यता का अंत हो रहा है और पशुता हावी हो रही है। इससे गरीब परिवार और गरीब होते जाएंगे और अमीर भी किसी के काम आने योग्य नहीं रहेंगे। नशे में भला कब कोई किसी के काम आया है.. इसलिए आप स्वयं इस बुरी आदत को छोड़ें और अपने आस पास के विशेष कर युवा वर्ग को जागरूक करें कि यह कोई शौक पूरे करने वाली चीज नहीं है इससे धीरे धीरे परिवार तबाह हो जाते हैं और पता भी नहीं चलता। आप सभी के आस पास कोई एक ऐसा उदाहरण जरूर होगा जो शराब पीने के चलते नष्ट हो गया होगा या हो रहा होगा। जो उनके साथ हो रहा है वह आपके साथ न हो, आपके पड़ोसी के साथ न इसका ध्यान रखिए।
सारे सरकारी अफसर, कर्मचारी चाहे किसी भी विभाग के हों आप जहां हैं वहीं पर रहकर इसको लेकर लोगों को जागरुक करिए, सभी जन प्रतिनिधि आपसे विनम्र निवेदन है आप भी जागरूक रहें और अन्य लोगों को भी करें ईश्वर ने आपको वहां तक इसीलिए पहुंचाया है इस बात को समझें। अंत में मैं सभी पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहना चाहूंगा कि यदि नेता बनना है तो पहले ज़िम्मेदार बनें। विशेष कर हम 18 से 30 वर्ष तक की उम्र के भाइयों से अनुरोध करना चाहते हैं कि आप स्वयं इससे बचें और अपने आसपास के अपनी उम्र के लोगों को इससे बचाएं। मैं जहां हूं वहां यह प्रयास कर रहा हूं आप जहां हैं वहां यह प्रयास करेंगे इसका संकल्प लें।
प्रतीक पांडे
भारतीय जनता युवा मोर्चा, सीतापुर
