NAAS अकादमी द्वारा 30 साल के इतिहास में पहली बार दिया गया मीडिया फैलो पुरस्कार
नई दिल्ली: राजस्थान के जयपुर निवासी डीडी न्यूज नई दिल्ली में वरिष्ठ संपादक के पद पर कार्यरत ड़ॉ. ओपी यादव को “राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी मीडिया फैलो पुरस्कार 2023” से सम्मानित किया गया है। यादव को यह पुरस्कार कृषि मंत्रालय भारत सरकार की योजनाओं को देश के लोक प्रसारक चैनल डीडी न्यूज व डीडी किसान टेलीविजन के जरिए किसानों तक पहुंचाकर ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए दिया गया है।नई दिल्ली के पूसा स्थित नास (NAAS) कॉम्पलेक्स परिसर में नेशनल एकेडमी ऑफ एग्रीकल्चर साइंसेज के 30वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. ओपी यादव को प्रमाण पत्र, मोमेंटो व शॉल भेंटकर मीडिया फैलो पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यादव को यह पुरस्कार राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष एवं आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक, अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ. ए. के. सिंह, अकादमी के सचिव प्रोफेसर के.सी. बंसल व ऑष्ट्रेलिया निवासी अतंर्राष्ट्रीय सचिव डॉ. राजीव कुमार वार्सेनेय ने दिया।समारोह के दौरान राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष डॉ हिमांशु पाठक ने कहा कि डॉ ओपी यादव एक कर्मठ पत्रकार है। कृषि से जुड़ी केंद्र प्रेरित योजनाओं को किसानों तक पहुचाने में डॉ. यादव ने डीडी न्यूज व डीडी किसान टेलीविजन के जरिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके लिए ज्यूरी कमेटी ने निष्पक्षता के साथ डॉ. ओपी यादव का चयन किया है । पुरस्कार मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. ओपी यादव ने कहा कि अकादमी द्वारा पहली बार मीडिया को “राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी मीडिया फैलो पुरस्कार” के लिए चुना है , मेरे लिए ये निश्चित तौर पर आत्मीय खुशी का पल है। इस पुरस्कार के बाद कार्य के प्रति समर्पण भाव से काम करने के प्रति मेरी जिम्मेदारी और बढ़ गयी है।राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के दो दिवसीय स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान 30वीं वार्षिक आम सभा की बैठक के अलावा दो महत्वपूर्ण चर्चा सत्र भी आयोजित किए गए । “अमृतकाल में कृषि शिक्षा, शोध व प्रसार के लिए 2047 का रोडमैप” और “कृषि में ऊभरती चुनौतियों के बीच कृषि विश्वविद्यालयलयों को सशक्त बनाना” जैसे विषयों पर आधारित इन चर्चा सत्रों में नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर रमेश चंद और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रमण्यम ने ओजस्वी व्याख्यान दिए।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी (NAAS) कृषि मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित एक वैज्ञानिक थिंक टैंक है जो कि भारत में कृषि अनुसंधान, शिक्षा तथा प्रसार में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के प्रति समर्पित है। अकादमी ने कृषि विज्ञान के अनेक क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाले 750 से भी अधिक निर्वाचित फेलो को एकसाथ लाकर, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी ने अपनी विशेषज्ञता और योगदान को प्रदर्शित किया जिसका कि देश की कृषि प्रगति हेतु नवोन्मेषी रणनीतियों को सही आकार देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।



