सीतापुर: जनपद में 74वां गणतंत्र दिवस को पूरे हर्षोल्लास एवं परम्परागत ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर पूरे जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में प्रातः 08.30 बजे ध्वजारोहण किया। तदोपरांत राष्ट्रगान गायन एवं भारतीय गणतंत्र के संकल्प को दोहराया गया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक हरिशंकर लाल शुक्ला, प्रशासनिक अधिकारी नीरज अग्निहोत्री, नीतू यादव सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस परेड का हुआ भव्य आयोजन
74वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स सीतापुर स्थित परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री कारागार श्री सुरेश राही जी द्वारा ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली गई। परेड में पुरुष एवं महिला पुलिस कर्मियों की टोलियां, आपात सेवा 112 की 02 पहिया व 04 पहिया पी.आर.वी., श्वान दल, दंगा नियंत्रण वाहन, फायर सर्विस, महिला स्वाट टीम, मिशन शक्ति टीम आदि शामिल रहीं। श्रीमान पुलिस पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री घुले सुशील चन्द्रभान द्वारा परेड की सलामी लेने के पश्चात् पुलिस कर्मियों को शपथ दिलायी गई।



मुख्य अतिथि मा0 राज्यमंत्री कारागार द्वारा परेड कमाण्डर सहित परेड में अच्छा प्रदर्शन करने वाली टोलियों के टोली कमाण्डरों को सम्मानित किया गया। इसके उपरान्त जनपद में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों/ कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सीतापुर श्री अनुज सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री घुले सुशील चन्द्रभान, अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/दक्षिणी एवम् समस्त क्षेत्राधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा अपनी गरिमामयी उपस्थिति से परेड में सम्मिलित जवानों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।
