जरवल (बहराइच) नए सत्र में जहां एक ओर प्रवेशोत्सव से विद्यालयों में रौनक लौटी आयी है वहीं, पिछली कक्षा उत्तीर्ण करके आगे की पढ़ाई के लिए अन्य स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए स्कूलों में विदाई समारोह भी आयोजित हो रहे हैं । विकास खण्ड जरवल के ग्राम पंचायत भौली स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय भौली में शुक्रवार को शैक्षिक सत्र 2018-19 में कक्षा 8वीं उत्तीर्ण करने वाले बच्चों का विदाई समारोह मनाया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो० मुजम्मिल ने वार्षिक परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओ क्रमशः अंशू, नैंसी, व निशा को शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के उच्च सोपान पर पहुँचने का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर बच्चो ने केक काटकर सभी का मुंह मीठा कराया।

बच्चो ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये, शिक्षको द्वारा बच्चो के लिए म्यूजिकल चेयर व मैजिक बैग जैसे मनोरंजनक गेम खिलाकर कार्यक्रम को यादगार बनाने की कोशिश रही। छात्रा निशा को मिस स्पार्कल व कुंदन को टॉपर ऑफ द ईयर चुना गया। विद्यालय की शिक्षिका अर्चना पांडेय ने बच्चों को गुरुमन्त्र देते हुए कहा कि, आगे की पढ़ाई के लिये यहां से जाने वाले छात्र न केवल शिक्षा अपितु संस्कार भी अपने साथ ले जाये, ये पूरी जिंदगी हमारे काम आते हैं। बच्चो व शिक्षको ने अपने खट्टे-मीठे अनुभव साझा किए। कार्यक्रम संचालन शिक्षक नरोत्तम सेंगर ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान भौली अम्बिका प्रसाद, संकुल प्रभारी निम्दीपुर आरिफ हाशमी, ग्राम शिक्षा समिति प्रमुख गजराज समेत अभिभावकगण, रसोइया व अन्य मौजूद रहे।
