शान्तिपूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न करायें : अपर जिलाधिकारी

सीतापुर: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग वन रक्षक एवं अन्य जीव रक्षक (सामान्य चयन) प्रतियोगिता परीक्षा-2019, दिनांक-21.08.2022 की पूर्वान्ह 10.00 बजे से 12.30 बजे तक तक आयोजित की जायेगी। उक्त परीक्षा को नकलविहीन, सुचितापूर्ण एवं शान्तिपूर्ण सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी राम भरत तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, परीक्षा केन्द्रों पर तैनात केन्द्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की बैठक सम्पन्न हुयी। अपर जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिये गये कि शासन की प्राथमिकता विषयक परीक्षा सम्पन्न कराये जाने हेतु शासन से प्रदत्त दिशा निर्देशों का अनुपालन कराते हुये शान्तिपूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न करायें।

अपर जिलाधिकारी द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी को परीक्षा केन्द्रों पर विशेष निगरानी बरतने एवं परीक्षा केन्द्रों पर समुचित सुरक्षा बल (पुरूष/महिला) की तैनाती करने के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा प्रश्न-पत्रों को ले जाने एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सील्ड बण्डल कोषागार में जमा किये जाने हेतु समकक्ष पुलिस अधिकारियों की तैनाती कराने के निर्देश दिये।


अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि जो भी स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती हुयी है वह केन्द्र में लगातार भ्रमण करते रहें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान जो भी छात्र-छात्राएं आते हैं, उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करायी जाये तथा कोविड हेल्पडेस्क स्थापित करा दी जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर कोई भी इलेक्ट्रानिक डिवाइज लेकर प्रवेश न करें, यह सुनिश्चित किया जाये तथा परीक्षा केन्द्र के आस-पास कोई भी फोटो कापी एवं साईबर कैफे की दुकानों को बन्द कराये जाने के निर्देश भी संबधित अधिकारियों को दिये। परीक्षार्थी परीक्षा देने हेतु प्रवेश ले उसका सामान रखने हेतु निःशुल्क क्लाक रूम स्थापित किया जाये।


बैठक में जिला विकास अधिकारी हरिशचंद्र प्रजापति, जिला विद्यालय निरीक्षक देवी सहाय तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी जान्हवी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment