गाजे-बाजे के साथ छात्र-छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा

रियासत अली सिद्दीकी (विशेष संवाददाता)
रामकोट-सीतापुर। कस्बे में आजादी का पर्व स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कस्बे से मिश्रिख रोड पर कुछ दूरी पर स्थित प्रिया डे पब्लिक इंटर कॉलेज में गाजे-बाजे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुबह ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के पश्चात एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिसमें प्रिया डे इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता व महात्मा गांधी की झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। तिरंगा यात्रा पास के गांव भउवापुर, हुमायूंपुर, सिकटिहा होते हुए पुनः कॉलेज परिसर में संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र छात्राएं भारत माता की जय, वंदे मातरम, 15 अगस्त अमर रहे, आदि देशप्रेम से ओतप्रोत नारे लगाते रहे।

आजादी के इस महोत्सव पर प्रिया डे पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनीत अग्निहोत्री ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सैकड़ों देशभक्तों की कुर्बानी से हमें यह स्वतंत्रता प्राप्त हुई है। हमें जाति धर्म के भेदभाव से दूर रहते हुए देश हित में खुद को समर्पित कर देना चाहिए। श्री अग्निहोत्री ने कॉलेज के सभी अध्यापकों को उनको प्रदत्त दायित्वों का सफलता पूर्वक निर्वाहन करने के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान कॉलेज प्रबंध तंत्र के सदस्य बाबूजी, श्रीमती अंजू अवस्थी, अमन सिंह, पुनीत मिश्र, सौरभ वर्मा, सैकड़ों अभिभावक गण तथा रामकोट पत्रकार यूनियन के पदाधिकारी संरक्षक राजीव शुक्ला, अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तार बाबू, उपाध्यक्ष रियासत अली सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष विशाल भारती व अन्य मौजूद रहे।

Leave a comment