सीतापुर: जिलाधिकारी अनुज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चन्द्रभान ने शनिवार को तहसील महमूदाबाद क्षेत्रान्तर्गत विकास खण्ड रामपुरमथुरा स्थित घाघरा नदी के दाएं किनारे पर स्थित चलहारी घाट गणेशपुर तटबंध का निरीक्षण किया एवं घाघरा नदी द्वारा कटान की जानकारी लेते हुये अधिशासी अभियन्ता सिंचाई सीतापुर विशाल पोरवाल से पिछले वर्ष में आयी बाढ़ के विषय में जानकारी ली तथा बाढ़ लेवल की जानकारी भी ली एवं इस वर्ष कितने क्यूसिक पानी आने की सम्भावना है एवं सम्भावित नुकसान की जानकारी लेकर अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड बाराबंकी को निर्देश दिये कि घाघरा नदी कटान को तत्काल बम्बू क्रेटिंग के माध्यम से नियंत्रित करने का कार्य किया जाये एवं तट पर बसे अखरी गांव के निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य किया जाये। तहसीलदार महमूदाबाद को निर्देश दिये कि अखरी गांव के सभी परिवारों को त्रिपाल/तम्बू आदि उपलब्ध करा दिये जायें। क्षतिग्रस्त बंधों को मरम्मत कर लिया जाये। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से बातचीत कर आश्वासन दिया कि बाढ़ एवं कटान से निपटने हेतु भरपूर प्रयास किया जायेगा। तटबन्ध की शतत निगरानी रखने एवं तटबन्ध की आवश्यकतानुसार मरम्मत करने के निर्देश दिये।




जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिये कि गांव को बचाने के लिये हर सम्भव प्रयास करें कि गांव बच सके। बोरी, बैग, जाल, क्रेटिंग आदि के माध्यम से धारा पर नियंत्रण पाने हेतु कार्य किये जायें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि ग्रामीणों द्वारा गाड़ी निकालने हेतु जहां-जहां पर बन्धों को काटा गया है उनको त्वरित ठीक करा दिया जाये। तहसीलदार को निर्देश दिये कि उनके अधीनस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी अखरी गांव के लोगों से लगातार सम्पर्क में रहें एवं उनकी समस्याओं का निराकरण समयबद्ध तरीके से करते रहें।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता सिंचाई सीतापुर, अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड बाराबंकी, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद, तहसीलदार महमूदाबाद सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
