विद्यालयों में प्रवेश उत्सव की धूम, नई किताबें पाकर खिले बच्चों के चेहरे, स्कूल चलो नारों के साथ दाखिले शुरू

जरवल, (बहराइच) सोमवार को जनपद के विद्यालयों में नवीन शैक्षिक सत्र का शुभारंभ स्कूल चलो रैली व प्रवेशोत्सव से हुआ। विकास खण्ड जरवल के परिषदीय विद्यालयों में नवीन नामांकन व पुस्तक वितरण से दाखिले शुरू हो गए। जरवल विकास खण्ड अंतर्गत एक ही परिसर में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय बरवलिया में खण्ड शिक्षा अधिकारी जरवल ने बच्चों को पुस्तक वितरण के साथ नामांकन वृद्धि के लिए सभी को दुगुनी ऊर्जा के साथ जुट जाने के निर्देश दिए।

 

प्राथमिक विद्यालय बरवलिया में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षिकाओं द्वारा सत्र के प्रथम दिवस आये हुए बच्चों का रोली व चन्दन लगाकर स्वागत किया गया। इससे पहले विद्यालय की बुलावा टोली ने ग्राम पंचायत बीबीपुर में बच्चों व अभिभावकों को घर-२ जाकर दाखिले व रोजाना स्कूल भेजने के लिए अपील की। विद्यालय की कक्षाओं को को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमो की कड़ी में छात्राओ ने स्वागत गीत प्रस्तुत किये। बीईओ श्री बलदेव प्रसाद यादव ने बच्चो को पाठ्य पुस्तके वितरित की तथा कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओ के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने कहा हमारे विद्यालयो में नि:शुल्क शिक्षा, किताबे, स्कूल बैग, मध्याह्न भोजन समेत योग्य प्रशिक्षित अध्यापक हमे अन्य स्कूलो से विशिष्ट बनाते हैं..आप सभी अभिभावक अनिवार्य रूप से रोजाना अपने नौनिहालों को स्कूल भेजने का दायित्व निभाएं जिससे पढ़े जरवल, बढ़े जरवल की संकल्पना पूरी हो। विद्यालय की प्रधान शिक्षिका शाहिदा खातून ने बताया कि प्रथम दिवस कक्षा एक व छः में कुल 21 बच्चो ने प्रवेश लिया है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान बीबीपुर जगन्नाथ सिंह, एबीआरसी नफीस अहमद, खलिकुज्ज्मा, रविशंकर मिश्रा, शैलेन्द्र कुमार, सपना चौधरी, रुचि मिश्रा, मंजूषा, मीनाक्षी, सुलोचना समेत अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a comment