डबल इंजन सरकार ने दिया हरेक क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम : सीएम योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बीते पांच साल में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरेक क्षेत्र में खरा उतरने का प्रयास किया है और उसके सकारात्मक परिणाम भी जनता के सामने हैं। प्रदेश के लोगों को सुरक्षा का माहौल मिला है। उनकी आस्था का सम्मान हुआ है। बिना भेदभाव विकास की परियोजनाओं और शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचा है। अब हम विधानसभा चुनाव में एक नई अग्नि परीक्षा में उतर रहे हैं। हमारे पांच साल का कार्यकाल जनता के सामने है। जनता हमारे कार्यों का मूल्यांकन करेगी और सुरक्षा, विकास के पथ पर बढ़ रहे प्रदेश के हित मे भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने में योगदान देगी। सीएम योगी शुक्रवार को शहर विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा पांच साल तक भाजपा सरकार और संगठन ने मिलकर प्रदेश में सुरक्षा, विकास और सुशासन का परिणाम दिया है। आज कोई भी प्रदेश और देश के नेतृत्व को लेकर नकारात्मक टिप्पणी नहीं कर सकता। राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता से परे बीजेपी की सरकार ने हरेक व्यक्ति को सुरक्षा की गारंटी दी है। गरीबों को मकान, शौचालय समेत हर पात्र को कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया है। सीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हम एक नई अग्नि परीक्षा में उतर रहे हैं। इसलिए जो परिणाम अपेक्षित है उसके लिए हर कार्यकर्ता खुद भाजपा का सिम्बल बनकर घर घर जाए और प्रचंड बहुमत की जीत में अपना योगदान दे।

Leave a comment