सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पहली बार मेनका का सुल्तानपुर आने पर हुआ भव्य स्वागत

संतोष यादव,  सुलतानपुर

सुल्तानपुर। केंद्रीय मंत्री एवं सुलतानपुर से घोषित भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी शनिवार को सुलतानपुर पहुँची जहाँ उनका जगह जगह फूल मालाओं से भाजपाइयों द्वारा स्वागत हुआ। तिकोनिया पार्क में आयोजित बूथ सम्मेलन एवं अधिवक्ताओं द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में प्रतिभाग करने के बाद वे बजरंग बली का दर्शन करने प्रसिद्ध वीजेथुआ धाम पहुँची। बूथ सम्मेलन में मेनका गांधी ने कहा कि मैं यहां न्याय का द्वार खोलने आई हूं। अन्याय करने वाला चाहे जितना बड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई जरूर होगी। मेनका गांधी ने जब अपने पुरानी यादों को साझा किया। सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पहली बार मेनका का सुल्तानपुर आने पर भव्य स्वागत किया गया। तिकोनिया पार्क में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में मेनका ने कहा कि उन्होंने हमेशा गरीबों व मजलूमों की लड़ाई लड़ी है। इसी कारण वे पीलीभीत से पिछले सात बार से सांसद चुनी गई थी।
केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि जब उनके पति संजय गांधी की मौत हुई थी, तब वे महज 23 वर्ष की थीं और वरूण गांधी करीब तीन महीने के थे। वे सोच ही नहीं पा रही थी कि क्या करें। तबसे उन्होंने समाज सेवा का रास्ता चुना है। 23 साल की उम्र में विधवा होने के बाद सुल्तानपुर आई थी।
मेनका ने आगे कहा कि सुल्तानपुर चुनाव में भी उनका मुद्दा विकास ही होगा। मेरे पति के मृत्यु के दो दशक बाद भी यहां की जनता ने जिस तरह से मेरा व मेरे बेटे वरूण का सम्मान किया है उसके लिए वह उनकी आभारी हैं। मनुष्य सेवा के लिए सुल्तानपुर को चुना था इसीलिए मैंने वरूण गांधी को सेवा करने के लिए सुल्तानपुर भेजा। वरुण ने अपने वेतन से गरीबों के लिए घर बनवाए थे। ये कार्य मैं खुद नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि हर संभव गरीब एवं कार्यकर्ताओं की मदद होगी। पत्रकारों द्वारा अमेठी में चुनाव प्रचार के बारे में पूछे जाने पर मेनका गांधी ने कहा कि पार्टी कहेगी तो अमेठी में भी चुनाव प्रचार करूंगी।
इस मौके पर विधायक सूर्यभान सिंह, राजेश गौतम, जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह छंगू,नगर पालिकाध्यक्ष बबिता जायसवाल,राम चन्द्र मिश्र,भावना सिंह,पूजा कसौंधन, बबिता तिवारी सहित कई उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री शशिकांत पांडेय ने किया।

Leave a comment