बाढ़ग्रस्त चौकियों पर पर भी लग सकेंगी दोनों डोज
सीतापुर: आप कामकाजी हैं… नौकरी-पेशा के चलते आपको दिन में समय नहीं मिल पा रहा है, जिससे आप कोरोना से बचाव का टीका भी नहीं लगवा पा रहे हैं, तो अब परेशान हाेने की जरूरत नहीं है। अपकी इन्हीं मुश्किलों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एक विशेष कार्ययोजना तैयार की है। आज अर्थात एक नवंबर से इसे अमलीजामा भी पहनाया जा रहा है। इससे कोरोना से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में अब और तेजी आएगी।
इस संबंध में और जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जिले के एक टीकाकरण केंद्र पर सुबह नौ बजे से रात दस बजे तक वैक्सीन लगाई जाएगी। इस व्यवस्था से कामकाजी लोगों को वैक्सीन लगवाने में काफी राहत मिलेगी। शुरुआत में एक नवंबर से शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा दी जाएगी। आगे जरुरत के अनुसार इसका विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में भी होगा। सीएमओ ने कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण अभियान तेज किया जा रहा है। ऐसे गांव जहां सभी लोगों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है, उसे कोविड सुरक्षित ग्राम और जहां सभी लोगों ने एक डोज लगवाई है, उसे प्रथम डोज संतृप्त ग्राम की संज्ञा दी जाएगी। इसके साथ ही यहां प्रधान को सम्मानित भी किया जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और कोविड वैक्सीनेशन के प्रभारी डॉ. पीके सिंह ने बताया कि इसके लिए जिला महिला चिकित्सालय में विशेष टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर एक नवंबर से यहां सुबह नौ बजे से रात 10 बजे तक टीकाकरण होगा। जिसमें दो पाली (सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे और दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक) में स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस केंद्र पर भी कोई भी व्यक्ति सोमवार से शनिवार के मध्य अपना आधार कार्ड दिखाकर कोरोनारोधी वैक्सीन की पहली अथवा दूसरी डोज लगवा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड टीकाकरण को बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में बनाई गईं बाढ़ चौकियों पर भी कोविड वैक्सीनेशन की व्यवस्था रहेगी। इन केंद्रों पर भी कोई भी व्यक्ति अपना आधार कार्ड दिखाकर कोरोनारोधी वैक्सीन की पहली अथवा दूसरी डोज लगवा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी ने एक नवंबर से सभी ब्लॉकों में 3,500 लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जिसे प्राप्त करने के लिए विभाग की टीमों ने अपनी कार्ययोजना बना ली है।
एसीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक कुल 26.37 लाख से अधिक लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया जा चुका है। इनमें 21.39 लाख लोगों को टीके की पहली डोज और 4.97 लाख लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।
