लखनऊ, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं सिटी मोन्टेसरी स्कूल के संस्थापक डा. जगदीश गाँधी को शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान एवं लखनऊ का गौरव विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने हेतु सम्मानित किया गया। मीडिया फेडरेशन ऑफ इण्डिया की उत्तर प्रदेश इकाई द्वारा गोमती नगर स्थित ताज होटल मे आयोजित सम्मान समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, जल शक्ति, श्री महेन्द्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि एवं डा. विक्रम सिंह, पूर्व डी.जी.पी., उ.प्र. एवं चांसलर, नोएडा इण्टरनेशनल यूनिवर्सिटी ने बतौर विशिष्ट अतिथि पधार कर समारोह की गरिमा को बढ़ाया। यह समारोह यूनाइटेड किंगडम की क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट द्वारा डा. जगदीश गाँधी को ‘सामाजिक विज्ञान मानद उपाधि’ से सम्मानित किये जाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मल्टीमीडिया प्रजेन्टेशन द्वारा सी.एम.एस. की 62 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डा. महेन्द्र सिंह, कैबिनेट मंत्री, उ.प्र., ने अपने संबोधन में कहा कि इसमे कोई दो राय नहीं कि डा. जगदीश गाँधी जी के मार्गदर्शन में सी.एम.एस. ने शिक्षा के क्षेत्र में लखनऊ का गौरव देश ही नहीं अपितु विश्व में बढ़ाया है, जिसके लिए डा. गाँधी वास्तव में बधाई के हकदार हैं।
अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री एवं क्वीन्स यूनिवर्सिटी की चांसलर श्रीमती हिलेरी क्लिंटन द्वारा डा. गाँधी को ऑनररी डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाना लखनऊवासियों के लिए गर्व का विषय है। विशिष्ट अतिथि डा. विक्रम सिंह, पूर्व डी.जी.पी, उ.प्र. ने कहा कि डा. गाँधी के नेतृत्व में सी.एम.एस. ने विश्व पटल पर जो सम्मान अर्जित किया है, उसकी दूसरी मिसाल मिलना मुश्किल है l
इस अवसर पर मीडिया फेडरेशन ऑफ इण्डिया के नेशनल प्रेसीडेन्ट श्री अरूण शर्मा, श्री अरविन्द प्रकाश एलहेन्स, जनरल सेक्रेटरी, मीडिया फेडरेशन ऑफ इण्डिया, सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन, डॉ शिशिर श्रीवास्तव, हेड, इंटरनेशनल रिलेशन्स, सिटी मोंटेसरी स्कूल एंड वाईस प्रेसीडेन्ट, इंटरनेशनल चैप्टर, मीडिया फेडरेशन ऑफ़ इंडिया तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने समारोह में शामिल होकर अपने विचार व्यक्त कर डॉ गाँधी को शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए डा. जगदीश गाँधी ने कहा कि “हमारे मेधावी छात्रों व विद्वान शिक्षकों ने अपने अथक परिश्रम से सी.एम.एस. को विश्व पटल पर स्थापित किया है और अपनी उपलब्धियों से सी.एम.एस. को अन्तर्राष्ट्रीय पहचान दिलायी है। यह पुरस्कार मैं अपने सभी टीचर्स एवं कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूँ।”


