देखिए हजरतगंज कोतवाल के कृत्य को जिसने पुलिस विभाग को किया शर्मसार
न्यूज डेस्क
लखनऊ। पुलिस के प्रति जनता में विश्वास को मजबूत किये जाने के लिए उच्चाधिकारियों द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ मित्रवत और अच्छा व्यवहार रखने के निर्देशों के बावजूद आए दिन ऐसी घटनाएं प्रकाश में आती हैं जो पुलिस महकमे को शर्मसार कर देती हैं। प्रदेश की राजधानी लखनऊ और लखनऊ की प्रमुख पहचान हजरतगंज इलाके में पुलिस कोतवाल द्वारा शिक्षक अभ्यर्थियों से अभद्रता करने के साथ उन्हें गाली देते एवं फर्जी मुकदमें में फंसाने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा और सुना जा सकता है कि हजरतगंज कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला किस तरह शिक्षक भर्ती की माँग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से धरने पर बैठे शिक्षक अभ्यर्थियों से अभद्रता करते हुए उन्हें गालियां देकर फर्जी मुकदमें में फंसाने की बात कह रहे हैं। वर्दी के रौब में चूर यह इंस्पेक्टर साहब को शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि अपने हक की मांग कर रहे भावी शिक्षकों के हुजूम में से कुछ की तीसरी आंख (मोबाइल) इस पूरे वाकये को रिकॉर्ड कर रही है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रायोजित तरीके से वाहवाही और सुर्खियां बटोरने वाले हजरतगंज कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला का असली चेहरा लोगों के सामने आ गया है।
बता दें कि श्याम बाबू शुक्ला उत्तर प्रदेश पुलिस का एक ऐसा चेहरा है जो हमेशा किसी न किसी तरह प्रायोजित तरीके से वाहवाही लूटकर सुर्खियां में रहा है। हाल ही में लखनऊ में पुलिसकर्मियों द्वारा एक फल विक्रेता से तराजू और बाँट छीन लिए जाने की घटना के बाद प्रायोजित तरीके से पुलिस के मानवीय चेहरे को दर्शाते हुए उस फल विक्रेता को इलेक्ट्रॉनिक तराजू देकर काफी सुर्खियां और वाहवाही बटोरी थी। जनपद हरदोई की कोतवाली कछौना और पिहानी में भी बतौर प्रभारी निरीक्षक तैनाती के दौरान भी यह अपने प्रयोजित तरीके से मित्र पुलिस की भावना को चरितार्थ करने के लिए काफी सुर्खियों में रहे हैं। लेकिन उस देश में जहाँ शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता कहा जाता है। वहाँ एक जिम्मेदार पद पर बैठे श्याम बाबू शुक्ला जैसे पुलिसकर्मी के द्वारा शांतिपूर्वक धरना दे रहे भावी शिक्षकों के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें गाली और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का अमानवीय कृत्य पुलिस महकमे को शर्मसार करने के साथ-साथ शिक्षक समाज को चोट पहुंचाने वाला है। लखनऊ में आज हुई इस घटना से शिक्षक अभ्यर्थियों सहित शिक्षक समाज में पुलिस महकमे के प्रति भारी रोष है। बताया जा रहा है कि धरने पर बैठे शिक्षक अभ्यर्थियों ने जल्द ही पुलिस उच्चाधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराते हुए हजरतगंज कोतवाल श्याम बाबू शुक्ला को निलंबित करने की मांग करने की बात कही है।
