जिला महिला अस्पताल व सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 21 जून 2021 को मनेगा खुशहाल परिवार दिवस

परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर रहेगा जोर

सीतापुर: समुदाय में परिवार नियोजन के बारे में जागरूकता लाने और लोगों में परिवार नियोजन के साधनों की स्वीकार्यता बढ़ाने के उद्देश्य से हर माह की 21 तारीख़ को खुशहाल दिवस का आयोजन किया जाता है | यह सरकार की एक नयी पहल है | कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण पिछले दो माह इसका आयोजन नहीं हो पाया था लेकिन अब कोविड से बचाव के सभी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सोमवार (21 जून 201 ) को इसका आयोजन किया जा रहा है | यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मधु गैरोला ने आज ज़िला स्तरीय आन लाइन बैठक के दौरान दी | उन्होंने बताया- इस पहल के अंतर्गत लक्षित समूह के परिवार नियोजन साधनों के अपनाने पर खास जोर दिया जा रहा है | यह लक्षित समूह हैं – जनवरी 2020 के बाद प्रसव वाली वह महिलाएं जो उच्च जोखिम गर्भावस्था (एच.आर.पी.) के रूप में चिन्हित की गयीं थीं, नव विवाहित दम्पति और वह योग्य दम्पति जिनके तीन या तीन से अधिक बच्चे हैं |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया – खुशहाल परिवार दिवस का आयोजन पिछले साल नवम्बर माह से किया जा रहा है | यह जिला महिला चिकित्सालय सहित सभी सीएचसी पर आयोजित किया जायेगा | इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय और सभी सीएचसी पर परिवार नियोजन के साधनों का स्टाल लगेगा | इसके माध्यम से लोगों को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में बताया जायेगा और साथ ही साधनों का निःशुल्क वितरण किया जायेगा |

डॉ. मधु गैरोला ने बताया- समुदाय में लोगों को आशा कार्यकर्ता और एएनएम के माध्यम से जागरूक किया जायेगा | इस कार्य में सेंटर पर तैनात कम्युनिटी हेल्थ आफिसर (सी. एच. ओ.) भी आशा की मदद करेंगे ।
एक वर्ष के भीतर विवाहित दम्पति को नई पहल किट देते हुए परिवार नियोजन साधनों के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीतापुर ने कहा कि परिवार नियोजन देश की जरूरत के साथ -साथ व्यक्तिगत जरूरत भी है । लाभार्थी को परिवार नियोजन के सभी साधनों के बारे में जानकारी देनी चाहिए।

बैठक में 21 जून को सभी ब्लॉकों पर सफलता पूर्वक खुशहाल दिवस मनाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा दिये गए ।बैठक में पिछले वर्ष पीपीआईयूसीडी में कम उपलब्धि वाले ब्लॉक लहर पुर, ऐलिया, पिसावां, कसमंडा के प्रभारी चिकित्साअधिकारी को निर्देश दिया गया कि इस वर्ष शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करें ।

इस आन लाइन बैठक में नोडल अधिकारी परिवार कल्याण डॉ सुरेंद्र साही ,सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ज़िला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी राज कुमार ,ज़िला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत वर्मा , सहित ब्लॉकों से अधीक्षको, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी ,फ़ैमिली वेलफेयर परामर्शदाता द्वारा प्रतिभाग किया गया ।

Leave a comment