दिल्ली: राजस्थान के जयपुर जिले के मूल निवासी एवं डीडी न्यूज नई दिल्ली में बुलेटिन संपादक ओपी यादव को संसदीय पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सम्मानित किया है।
दिल्ली विधानसभा के परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में विधानसभा स्पीकर रामनिवास गोयल ने अग्रवंश पुस्तक और स्मृति चिन्ह देकर ओपी यादव को सम्मानित किया। पुरस्कार देने के बाद रामनिवास गोयल ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। यहां की संसदीय परंपराएं पूरी दुनिया में आदर्श के तौर पर जानी जाती है । ओपी यादव जैसे पत्रकारों ने रिपोर्टिंग के दौरान न केवल संसदीय पत्रकारिता के मूल्यों का पालन किया है बल्कि मीडिया और संसद के बीच संबंधों की एक अद्भुत मिशाल भी पेश की है।
विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि संसदीय पत्रकारिता की गहरी समझ रखने वाले ओपी यादव ने दक्षिण एशियाई देशों में संसदीय प्रसारण, लोकतंत्र और मीडिया की भूमिका पर काफी काम किया है इनके अनुभव से संसदीय शोधार्थियों, अध्येताओं अन्य पत्रकारों को सीखने की जरूरत है।
