छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस रोहित यादव प्रधानमंत्री कार्यालय में बने संयुक्त सचिव

नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस डॉ. रोहित यादव (2002 बैच) को प्रधानमंत्री कार्यालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। डॉ. यादव दो वर्ष पहले 2017 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु के पीएस बनकर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए थे।

उन्हें मोदी सरकार की दूसरी पारी में अगस्त 2019 में इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव बनाया गया था। डॉ. यादव जुलाई 2023 तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहेंगे। उनकी पत्नी रितु सेन 2003 बैच की आईएएस हैं। वे भी भारत सरकार में शहरी आवास विभाग की निदेशक हैं। पीएमओ पहुंचने वाले डॉ. यादव छत्तीसगढ़ के तीसरे आइएएस हैं। इससे पहले बीवीआर सुब्रमण्यम (जम्मू-कश्मीन के मुख्य सचिव) और अमित अग्रवाल पीएमओ में काम कर चुके हैं।

मूलत उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के रहने वाले डॉ. यादव रायपुर, सरगुजा समेत कई जिलों के कलेक्टर रह चुके हैं। लंबे समय तक उन्होंने नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव की भी जिम्मेदारी संभाली है।

शासन ने सोमवार को दो आईएएस अफसरों के प्रभार में फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग से जारी आदेश के अनुसार पी दयानंद को समाज कल्याण विभाग का डायरेक्टर बनाया गया है। 2006 बैच के दयानंद अभी प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा थे।

साथ ही उनके पास राज्य शैक्षिक एवं अनुसंधान परिषद (एससीईआरटी) के संचालक की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी थी। वहीं, दयानंद के स्थान पर जितेंद्र कुमार शुक्ला को एससीईआरटी की प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। 2011 बैच के आईएएस शुक्ला संचालक लोक शिक्षण के साथ मिशन संचालक, राज्य साक्षरता मिशन की अतिरिक्त जिम्मेदारी पहले से संभाल रहे हैं। इसे यथावत रखा गया है।

Leave a comment