सीतापुर तक 90 की स्पीड से दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन, अब CRS की हरी झंडी का इंतजार

लखनऊ। रेल विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद मंगलवार को डालीगंज से सीतापुर तक इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ाकर इस रूट का ट्रायल किया गया। रेल विकास निगम लिमिटेड के अधिकारियों ने इंजन को 90 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ाया। ट्रायल सफल रहा। अब रेलवे इस रूट पर सीआरएस क्लीयरेंस मिलते ही मेमू सहित इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनों को दौड़ा सकता है।

मंगलवार को इलेक्ट्रिक इंजन डालीगंज से दोपहर 3:30 रवाना हुआ। यह इंजन शाम 4:55 बजे सीतापुर पहुंच गया। ट्रायल के दौरान रूट पर सब कुछ सामान्य पाया गया। डालीगंज से सीतापुर 82 किलोमीटर रेल खंड का रेल विद्युतीकरण आरवीएनएल ने किया है। इस पर करीब 90 करोड़ रुपये की लागत आई है। मंगलवार को निरीक्षण के बाद संपूर्ण रिपोर्ट रेल संरक्षा आयुक्त को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के बाद रेल संरक्षा आयुक्त निरीक्षण के लिए तिथि तय करेंगे। इस अवसर पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर टीआरडी संदीप कुमार, आरवीएनएल प्रबंधक आशीष श्रीवास्तव, अभयकांत झा और प्रबंधक जगन्नाथ मिश्र भी मौजूद थे।

सीतापुर होकर डबल डेकर चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजा

विद्युतीकरण हो जाने के कारण अब रेलवे ने सीतापुर होकर डबल डेकर को आनंद विहार तक चलाने का प्रस्ताव भेज दिया है। नया टाइम भी प्रस्तावित कर दिया है। हालांकि संचालन से पहले रास्ते में पडऩे वाले प्लेटफार्मों की ऊंचाई और पैदल पुलों सहित कई बाधाओं को भी दूर किया जाएगा।

प्रस्तावित टाइम टेबल के अनुसार डबल डेकर को लखनऊ जंक्शन से सुबह छह बजे चलाने की तैयारी है। ट्रेन का ठहराव मोहिबुल्लापुर और सिधौली स्टेशनों पर भी होगा। सीतापुर में ठहराव के बाद ट्रेन आनंद विहार की ओर जाएगी। ट्रेन का मोहिबुल्लापुर में दो मिनट का ठहराव 6:32 बजे, सिधौली में 7:16 बजे, सीतापुर में आठ और आनंद विहार दोपहर 2:15 बजे का होगा। जबकि वापसी में आनंद विहार से ट्रेन के 3:30 बजे छूटकर सीतापुर रात 10 बजे, सिधौली 10:42 बजे, मोहिबुल्लापुर 11:20 और लखनऊ जंक्शन रात 11:50 बजे आने का प्रस्ताव दिया गया है।

Leave a comment