रामकोट/सीतापुर। पति से झगड़ा करने के बाद घर से लापता पुरानी बाजार निवासिनी एक महिला ने ट्रेन के आगे लेटकर अपनी जान दे दी। घर से 200 मीटर दूर रामकोट रेलवे स्टेशन के पास से रेल पटरी पर मिले शव को कब्जे में लेकर जीआरपी पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। इस मामले में किसी पक्ष से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गयी है। रामकोट कस्बे के पुरानी बाजार निवासी मन्नीलाल का अपनी पत्नी केशकली (35) से बृहस्पतिवार की शाम में खाने में नमक कम होने को लेकर झगड़ा हुआ था। पति से झगड़ा होने के बाद घर छोड़कर केशकली कहीं चली गयी। परिजनों ने शाम से लेकर देर रात तक उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका।

शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने उसके घर से लगभग 200 मी. दूर रामकोट रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी पर एक महिला का क्षत-विक्षत शव देखा। जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त केशकली के रुप में की।

जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पीएम के लिए भेज दिया। रामकोट थाना प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। उन्होंने बताया कि मृतका के परिजनों की मानें तो वह मानसिक रुप से सही नही थी। उधर मृतका का पति मन्नीलाल स्थित रामकोट रेलवे स्टेशन में प्राइवेट रूप से सफाई कर्मचारी का काम करता है। वह तीन बच्चों की मां थी। अपनी मां की मौत के बाद पुत्रों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर जीआरपी पुलिस, रामकोट थाना प्रभारी निरीक्षक उमाकांत दीपक मय फोर्स के साथ, रामकोट प्रधान प्रतिनिधि रामनिवास पप्पू वर्मा व काफी संख्या में भीड़ मौजूद थी।
रिपोर्ट- रियासत अली सिद्दीकी
