जरवल रोड, (बहराइच) शनिवार को जनपद से विकास खण्ड जरवल में प्रखंड शिक्षा कार्यालय ब्लॉक संसाधन केंद्र जरवल रोड में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर विकासखंड जरवल के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक व शिक्षिकाएं दोपहर बाद ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में एकत्रित हुए और ऑनलाइन हाजिरी ऐप को गलत बताते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड शिक्षा अधिकारी जरवल श्री अमित कुमार श्रीवास्तव को सौंपा। प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए जू०हा० शि०सं० देवीपाटन मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उबैदुर्रहमान ने कहा कि सरकार शिक्षकों को ऑनलाइन ऐप पर हाजिरी लेने पहले प्रत्येक विद्यालय में बच्चो के बैठने के लिए फर्नीचर, रनिंग वाटर के साथ टॉयलेट, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कर दे, साथ ही प्रत्येक कक्षा में मानक के अनुसार शिक्षक की नियुक्ति व हर क्लास में सीसीटीवी लगवा दें, फिर चाहे शिक्षको की मॉनिटरिंग जिला स्तर से हो किसी शिक्षक को कोई आपत्ति नही होगी। वहीं संघ के संयुक्त मंत्री खलिकुज्ज्मा ने कहा की हमेशा से ही बेसिक के स्कूलों की तुलना कान्वेंट स्कूल से की जाती है, जबकि ये कोई ध्यान नही देता कि कान्वेंट स्कूलों में वो बच्चे आते हैं जिन्हें रोज घर से बुलाने नहीं जाना पड़ता, और वहाँ टीचर्स को पढ़ाने के अलावा और कोई काम नहीं दिया जाता है। जबकि बेसिक के विद्यालयों में शिक्षको को 20 से अधिक अतिरिक्त गैर शैक्षणिक कामों में बांध कर रखा गया है। शिक्षक रानू ठाकुर ने कहा हम शिक्षको को बस पढ़ाने दीजिये, सूचनाओं के लिए एनजीओ का सहारा लीजिये, तस्वीर बदल जाएगी। इस अवसर पर दारा सिंह, कसीम अहमद, नृपेंद्र पांडेय, शैलेन्द्र वर्मा, अदनान शाकिर, ज्योति कुमार, निरंकार तिवारी, अभिषेक प्रताप, राजेश, गोविंद गुप्ता, भरत राजोरिया, शमसा कमर, सपना चौधरी, अर्चना पांडेय, आराधना शुक्ला, साधना सिंह, उमा प्रतिहार, समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
