कैसरगंज, (बहराइच) एक निजी इलेक्ट्रॉनिक न्यूज चैनल में शिक्षको को 9000 करोड़ रुपयों का चोर कहने की खबर से सोमवार को जिले के शिक्षक आंदोलित रहे, तथ्यहीन आंकड़ो से अनर्गल आरोप लगाकर भ्रामक खबर से समाज मे शिक्षको की छवि को खराब करने की साजिश करार देते हुए मा० राज्यपाल उ०प्र० को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कैसरगंज श्री रामजीत मौर्य को सौंपा।

बीती दिनांक 10 सितम्बर को एबीपी न्यूज चैनल पर रात्रि 10 बजे प्रसारित ‘घण्टी बजाओ’ कार्यक्रम में चैनल के एंकर अनुराग मुस्कान द्वारा उ०प्र० के प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षको द्वारा प्रेरणा एप्प से हाजिरी की सेल्फी नही देने से जुड़ी खबर प्रसारित की गयी थी, जिसमे चैनल ने सरकार द्वारा शिक्षा पर खर्च किये जा रहे 9617 करोड़ रुपयों की चोरी का जिम्मेदार परोक्ष रूप से शिक्षको को ठहराया, साथ ही उन्हें भ्रष्ट कहा गया। सोमवार को तय कार्यक्रम के अनुसार, तहसील केसरगंज अंतर्गत विकास खण्ड कैसरगंज, जरवल और हुजूरपुर के शिक्षक सैकड़ो की संख्या में अपने-अपने विद्यालय से शिक्षण कार्य करने के उपरांत तहसील परिसर में एकत्रित हुए और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। इसके बाद उपजिलाधिकारी केसरगंज को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन में एकत्रित लोगो से शिक्षक मास्टर रफ़ीक़ ने बताया कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाने वाले सभी शिक्षको के कंधों पर शिक्षण के साथ ही सभी राष्ट्रीय दायित्व जिनमे इलेक्शन ड्यूटी, जनगणना, बोर्ड परीक्षा आदि जैसे 20 अतिरिक्त कार्य होते हैं, जिसे हम हमेशा पूरी निष्ठा से निभाते आये हैं, कम संसाधनों में भी बिना शिकायत सदैव अपना शत प्रतिशत देते हैं, फिर भी चैनल द्वारा 2 साल पुरानी वीडियो दिखाकर उन्हें अकारण गैरहाजिर रहने वाला बताकर नकारा दिखाने का प्रयास कुण्ठा से प्रेरित लगता है। वही जरवल में कार्यरत शिक्षक लोकेश श्रीवास्तव ने कहा कि हम सभी शिक्षक अपने वेतन से ईमानदारी से कर अदा करते हैं, फिर भी अध्यापक को नौनिहालों की शिक्षा के ऊपर खर्च होने वाले रुपयों को हजम करने वाले के रूप में दिखाने का प्रयास समाज मे शिक्षको की छवि धूमिल करने से ज्यादा कुछ नही है। उक्त न्यूज के विरुद्ध शिक्षको ने जमकर गुस्सा निकाला और यूट्यूब लिंक पर जाकर 21 हजार से ज्यादा लोगो ने खबर को नापसन्द किया। बहराइच जिले के अलावा अन्य जनपदों से भी विरोध के समान स्वर उठे हैं, जिससे सोशल साइट ट्विटर पर #बायकॉट एबीपी न्यूज टॉप ट्रेंड में रहा। कार्यक्रम में शिक्षको ने प्रेरणा एप्प से हाजिरी, शिक्षण कार्य से इतर अन्य कार्य नही करने, व्हाट्सएप्प या अन्य किसी सोशल मीडिया एप्प से कोई भी विभागीय सूचना नही देने, डायल 1000 की व्यवस्था को गलत बताने के अलावा अन्य विभिन्न समस्याओं पर चैनल को कभी न्यूज न दिखाने के लिए घेरा, साथ ही भूल सुधार न करने तक चैनल के बहिष्कार की मुहिम जारी रखने की बात कही। इस अवसर पर उबैदुर्रहमान, अखण्ड प्रताप सिंह, रानू ठाकुर, रसल रघुवंशी, मनोज सिंह, अदनान शाकिर, विजय आनन्द, श्रवण पांडेय, रामतेज सिंह, आराधना शुक्ला, विनीत गुप्ता, मुख्य रूप से आदि उपस्थित रहे।
