रामकोट/रिछाई/सीतापुर। रामकोट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात नाच-गाने के दौरान दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। जिसके बाद दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दधि उत्सव कार्यक्रम के बाद रात्रि में रामकोट थाना क्षेत्र के साहबगंज गांव में नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्ष आपने-सामने आ गए। पहले तो उनमें काफी देर तक वाद-विवाद होता रहा और फिर लात-घूंसे व लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच किसी ने मारपीट की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम डायल 100 को दे दी। डायल 100 व रामकोट पुलिस मय फोर्स मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। मारपीट में दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हुए। इस मामले में उदय राज पटेल, संतोष पटेल, पृथ्वीपाल पटेल पुत्रगण बाबूराम पटेल राम सिंह यादव, गुड्डू उर्फ विवेक यादव पुत्रगण लक्ष्मण यादव सनी यादव पुत्र राम सिंह व अन्य के विरुद्ध मारपीट और गालीगलौज करने का आरोप लगाते हुए रामकोट थाने में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों पक्षों को डॉक्टरी हेतु जिला अस्पताल भेजा।
रिपोर्ट-रियासत अली सिद्दीकी/संजय दीक्षित
