ग्रेडेड लर्निंग कार्यक्रम के शानदार परिणाम के लिये बी एस ए बहराइच एस० के० तिवारी ने सभी BRP व् DRP को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

 

“शैक्षिक कायाकल्प से ही सवरेंगी समाज की सूरत, प्रशासनिक अधिकारियों से ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी होती शिक्षकों के कंधों पर”

बच्चों की शैक्षिक सम्प्राप्ति पर आधारित जनपद की समीक्षा बैठक में बोले सीडीओ, बेहतर शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षक भी हुए सम्मानित

ग्रेडेड लर्निंग प्रोग्राम से पटरी पर आई जिले की शिक्षा व्यवस्था मंडल में जिले को दूसरा स्थान

बहराइच संवाददाता,

बहराइच: जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक अध्ययनरत बच्चों के शैक्षिक स्तर में वृद्धि के लिए चलाए गए ग्रेडेड लर्निंग कार्यक्रम की बुधवार को विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई ।

जिसमें कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न ब्लॉकों के बीआरपी शिक्षकों को महत्वपूर्ण योगदान के लिए मुख्य विकास अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । मुख्य अतिथि श्री अरविंद चौहान ने कार्यक्रम का उदघाटन मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समीक्षा के दौरान बीएसए श्री एस. के. तिवारी ने बताया कि उक्त कार्यक्रम की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गत वर्ष बहराइच जनपद से ही हुई थी जिसमे प्रत्येक ब्लॉक से कुछ चयनित विद्यालयों में समर कैंप के दौरान ‘शिक्षा की डोर बहराइच की ओर’ कार्यक्रम संचालित किया गया।

नतीजे सकारात्मक आने पर इसे शासन द्वारा सूबे के सभी जिलों में लागू किया गया। उन्होंने कहा कि गत शैक्षिक सत्र में 55 कक्षा दिवस के उपरांत एंडलाइन टेस्ट में नतीजे बेहद उत्साहजनक आए और मंडल स्तर पर जनपद को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है । साथ ही प्रदेश में भी जिले की रैंकिंग सुधरी है । बेहतर परिणाम के लिए उन्होंने जनपद के सभी शिक्षकों के एकजुट प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान ने कहा कि बेहतर शैक्षिक माहौल के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के लिए विद्यालयों के भौतिक कायाकल्प के बाद स्कूलों की स्थिति काफी हद तक सुधरी है, अब हमारा लक्ष्य शैक्षिक गुणवत्ता को सुधारना है। जिसके लिए उन्होंने बीएसए को इस कार्यक्रम में संकुल प्रभारियो को जोड़ते हुए उनकी जिम्मेदारी तय करने के निदेश दिए। साथ ही कहा कि शिक्षक बच्चो को नियमित रूप से गृहकार्य दें व उसकी रोजाना जांच भी की जाए। कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के जिला समन्वयक शिवभान सिंह तथा बृजेश यादव ने जिले की समेकित रिपोर्ट प्रस्तुत की । खंड शिक्षा अधिकारी श्री अजय द्विवेदी ने फीडबैक साझा किया। मुख्य विकास अधिकारी तथा बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा कार्यक्रम में 04 जिला सन्दर्भदाताओ समेत प्रत्येक ब्लाक के चार सदस्य बीआरपी टीम को उनके योगदान हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक व कवि श्री संतोष सिंह ने किया । मुख्य रूप से बीईओ अमित श्रीवास्तव, बृजलाल वर्मा, बलदेव प्रसाद यादव, आशीष सिंह समेत जिला समन्वयक प्रशिक्षण प्रदीप पांडेय, जिला शैक्षिक सूचना प्रभारी इसरार पठान, एबीआरसी कुमार अभय, मधुलिका चौधरी, आशीष श्रीवास्तव, नफीस अहमद आदि, शिक्षक अश्विनी कैराती, लोकेश श्रीवास्तव, हेमलता यादव, तमन्ना जाफरी, अमिताभ श्रीवास्तव, शिव कुमार चौधरी व अन्य शिक्षको समेत समस्त संकुल प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a comment