सीतापुर। केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन सीतापुर ने ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंद को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित कर सरकार से ऑनलाइन फार्मेसी और कॉरपोरेट कंपनियों की कथित मनमानी पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापार बचाने का नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा का भी सवाल है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए संगठन के अध्यक्ष गोपाल टंडन ने कहा कि देशभर के करीब 12.40 लाख केमिस्ट और दवा वितरक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म बिना पर्याप्त सत्यापन के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं, जिससे मरीजों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
महामंत्री बसंत गोयल ने कहा कि एक ही प्रिस्क्रिप्शन का बार-बार उपयोग, एआई आधारित फर्जी पर्चों के माध्यम से एंटीबायोटिक और नशीली दवाओं की उपलब्धता जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। इससे एंटी-माइक्रोबियल रेसिस्टेंस (AMR) का खतरा तेजी से बढ़ रहा है, जो भविष्य में जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा संकट बन सकता है।
उपाध्यक्ष शैलेश महेंद्र ने कहा कि बड़ी कॉरपोरेट कंपनियां भारी छूट (Deep Discounting) देकर छोटे और मध्यम दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित दवा मूल्य नीति के बावजूद बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा की जा रही है, जिससे ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की दवा आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।कोषाध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी ने कोविड-19 काल में जारी अधिसूचना G.S.R. 220(E) को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यह अस्थायी व्यवस्था अब नियमों के दुरुपयोग का माध्यम बन चुकी है। वहीं ललित भट्ट ने ई-फार्मेसी से संबंधित अधिसूचना G.S.R. 817(E) को निरस्त कर सभी व्यापारियों के लिए समान अवसर नीति लागू करने की मांग उठाई।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक सरकार उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने सीतापुर जनपद के सभी दवा व्यापारियों से राष्ट्रव्यापी बंद को सफल बनाने की अपील की।इस दौरान अध्यक्ष गोपाल टंडन, उपाध्यक्ष शैलेश महेंद्र, महामंत्री बसंत गोयल, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र रस्तोगी तथा ललित भट्ट सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
