जान बचाने को आगे आए यादव महासभा के कार्यकर्ता

पेश की मानवता की मिसाल

लखनऊ/गाजीपुर। मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा गाजीपुर के सक्रिय कार्यकर्ता एवं शिक्षक शिव बच्चन यादव ने सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अज्ञात युवक की मदद कर लोगों का दिल जीत लिया। घायल युवक को तड़पता छोड़ तमाशबीन बने लोगों के बीच शिव बच्चन यादव ने तत्परता दिखाते हुए न केवल उसे सड़क से उठवाया, बल्कि ई-रिक्शा के माध्यम से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाकर उसका उपचार भी शुरू कराया। इस पुनीत कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।

बताया गया कि यह दर्दनाक सड़क दुर्घटना रामपुर अवस्थी एवं भगवानपुर गांव के बीच मुख्य मार्ग पर हुई, जहां एक बाइक और अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका सिर फट गया था तथा मुंह से लगातार खून बह रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अधिकांश लोग केवल तमाशबीन बने रहे।

उसी दौरान नारायनपुर विद्यालय से रुद्रपुर की ओर आ रहे यादव महासभा के सदस्य एवं शिक्षक शिव बच्चन यादव की नजर घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सड़क किनारे सुरक्षित कराया और तत्काल ई-रिक्शा की व्यवस्था कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचवाया। घायल युवक किसी तरह अपना नाम “अखिल” तथा निवास स्थान बड़हलगंज बता पा रहा था। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तत्काल उसका उपचार शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय रहते घायल युवक को अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। शिव बच्चन यादव ने मानवता का परिचय देते हुए ई-रिक्शा चालक का किराया स्वयं दिया तथा उसके सहयोग के लिए धन्यवाद भी ज्ञापित किया।

इस घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल ने शिव बच्चन यादव के इस मानवीय कार्य की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने कहा कि यही यादव महासभा गाजीपुर की असली पहचान है। संगठन हमेशा समाज सेवा, मानवता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने के लिए जिस संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय शिव बच्चन यादव ने दिया है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं वहां मौजूद लोगों ने भी शिव बच्चन यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के समय में जहां लोग घायल व्यक्ति की मदद करने से बचते हैं, वहीं ऐसे लोग समाज में मानवता की लौ जलाए हुए हैं। क्षेत्र के लोगों ने इस कार्य को “सच्ची समाज सेवा” बताते हुए यादव महासभा के कार्यकर्ताओं की सराहना की है।

Leave a comment