सीएचसी रामपुर मथुरा में डीएम का औचक निरीक्षण, दो डॉक्टरों का वेतन रोका

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामपुर मथुरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुए कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा से वार्ता कर चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान दो चिकित्सक—शिवाकान्त और अरुण—अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने दोनों का एक-एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

डीएम ने लेबर रूम का भी निरीक्षण किया और वहां मौजूद उपकरणों की जांच की। उन्होंने लेबर रूम के रजिस्टर और गर्भवती महिला की स्वास्थ्य पुस्तिका का अवलोकन किया। जांच में एक वैक्सीनेशन न लगे होने की बात सामने आने पर एएनएम पूनम त्रिपाठी की लापरवाही मानते हुए 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।

कार्यों में रुचि न लेने और लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a comment