पीएम मोदी के आह्वान पर यूपी सरकार की बड़ी तैयारी, जनता से ईंधन बचाने और स्वदेशी अपनाने की अपील
लखनऊ, 12 मई। वैश्विक परिस्थितियों और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच उत्तर प्रदेश की Yogi Adityanath सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री Narendra Modi के आह्वान के अनुरूप प्रदेशभर में ईंधन बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, बिजली संरक्षण और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत तक कटौती की जाए तथा अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। साथ ही प्रदेश में “वर्क फ्रॉम होम” की संस्कृति को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
सप्ताह में एक दिन रहेगा ‘नो व्हीकल डे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री, सांसद, विधायक और सभी जनप्रतिनिधि सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाया जाए, जिसमें सरकारी कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक भी भाग लें।
उन्होंने मेट्रो, रोडवेज बसों, कार पूलिंग, साइकिलिंग और ई-वाहनों के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। जिन शहरों में मेट्रो सेवा उपलब्ध है, वहां लोगों को निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
सरकारी बैठकों का होगा वर्चुअल आयोजन
बैठक में यह भी तय किया गया कि राज्य सचिवालय और विभिन्न विभागों की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया जाएगा। बड़े औद्योगिक संस्थानों और स्टार्टअप्स को सप्ताह में दो दिन “वर्क फ्रॉम होम” लागू करने के लिए एडवाइजरी जारी की जाएगी।
बिजली बचाने और विदेशी यात्राएं टालने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से बिजली की बचत करने की अपील करते हुए कहा कि सरकारी भवनों, निजी प्रतिष्ठानों और घरों में अनावश्यक बिजली उपयोग रोका जाए। रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही लोगों से अगले छह माह तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राएं टालने का आग्रह किया गया। उन्होंने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने के निर्देश देते हुए उत्तर प्रदेश में वेलनेस, ग्रामीण, ईको और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही।
स्वदेशी और ODOP उत्पादों को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए। त्योहारों और शादियों में विदेशी वस्तुओं के बजाय भारतीय हस्तशिल्प और ओडीओपी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
खाद्य तेल और सोने की खरीद पर भी सलाह
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और आर्थिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने की अपील की। स्कूलों, अस्पतालों, सरकारी कैंटीनों और होटल-रेस्तरां में कम तेल वाले खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लोगों से सोने की अनावश्यक खरीद से बचने की भी अपील की गई। प्रशासन को ज्वेलर्स एसोसिएशन और व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी चिंताओं को दूर करने के निर्देश दिए गए।
सोलर ऊर्जा और PNG नेटवर्क विस्तार पर जोर
बैठक में “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को तेजी से लागू करने तथा रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी बल दिया गया। साथ ही प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क के मिशन मोड विस्तार के निर्देश दिए गए।
