सीतापुर। 11 मई को दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित यू.पी. स्टेट आयु वर्ग शतरंज चैंपियनशिप के अंतर्गत पिछले 20 दिनों से चल रहे भव्य “यू.पी. चेस फेस्टिवल” का अंडर-15 ओपन वर्ग की प्रतियोगिता के साथ सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
9 चक्रों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद प्रयागराज के प्रतिभाशाली खिलाड़ी याकूब हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-15 ओपन वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। अंतिम दौर में उन्होंने महाराजगंज के अयांश सिंह को कड़े मुकाबले में ड्रॉ पर रोकते हुए कुल 7.5 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
वहीं अंतिम चक्र में गौतम बुद्ध नगर के अयान त्रिखा ने वाराणसी के शिवाय सिंह को रोमांचक मुकाबले में मात देकर प्रतियोगिता को और दिलचस्प बना दिया। शिवाय सिंह, अयान त्रिखा और बिजनौर के स्पर्श कुमार ने समान 7 अंक अर्जित किए, लेकिन बेहतर टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर वाराणसी के शिवाय सिंह को उपविजेता घोषित किया गया।



यूपी के नये शतरंज किंग याकूब हुसैन मैच के दौरान
प्रतियोगिता के शीर्ष चार खिलाड़ियों ने आगामी राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। चैंपियन बनने के बाद याकूब हुसैन ने कहा, “नेशनल में यूपी के लिए मेडल लाना टारगेट है।” महासचिव ए. के. रायजादा ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली और शतरंज प्रेमियों में भी प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह बना रहा।
UP चेस फेस्टिवल: आर्बिटर्स हुए सम्मानित

DPS में संपन्न हुए यू.पी. चेस फेस्टिवल के समापन पर चीफ आर्बिटर आनन्द सिंह सहित डिप्युटी चीफ आर्बिटर आदित्य द्विवेदी, आर्बिटर रूपा शुक्ला, शिवांशी, ओमकार, प्रिया, शिव शंकर व शहाब को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। 20 दिनों तक चले आयोजन में सभी आर्बिटर्स ने 9 चक्रों का निष्पक्ष संचालन किया। महासचिव ए. के. रायजादा ने कहा, आर्बिटर्स के बिना सफल आयोजन संभव नहीं।






