पुलिसिया दमन के खिलाफ राजधानी में मजदूरों नें निकाला मार्च

लखनऊ। नोएडा समेत देश के तमाम औद्योगिक क्षेत्रों के आन्दोलन कारी मजदूरों के ऊपर पुलिसिया दमन के विरोध में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आज ऐक्टू ने चारबाग रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को लोकों चौकी के सामने बैरीकेडिंग करके रोक लिया जहां आन्दोलनकारियों ने एक घंटे की प्रतिवाद सभा के बाद ए सी पी विकास जायसवाल को 8 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आल इंडिया सेंट्रल काउन्सिल ऑफ ट्रेड यूनियन्स (ऐक्टू) के प्रदेश उपाध्यक्ष का0 डा0राजेश सिंह,एवं डा0एस एस जैदी, प्रदेश संगठन मंत्री का0 राणा प्रताप सिंह, प्रदेश सहसचिव का0 देवानन्द के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये हुए सैकड़ों मजदूरों ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास के लिए मार्च किया। जुलूस में नारे लग रहे थे “नोएडा समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से गिरफ्तार किए गए मजदूरों को रिहा करो!, मजदूरों पर लगाए गए फर्जी मुकदमे वापस लो!,चार श्रमकोड वापस लो-श्रम कानून बहाल करो!, 44 हजार रुपए न्यूनतम मजदूरी दो तथा 8 घंटे का दिन पुनः बहाल करो!, आपदा मित्रों- सखियों तथा सभी इस्कीम वर्कर्स को कर्मचारी घोषित कर उन्हें न्यूनतम मजदूरी दो!, आदि नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी लोकों पुलिस चौकी के सामने पहुंचे जहां जुलूस सभा में बदल गया।

उक्त नेताओं के अलावा भाकपा (माले) की राज्य स्थाई समिति के सदस्य और लखनऊ के पार्टी प्रभारी का0 रमेश सिंह सेंगर,राज्य कमेटी के सदस्य का0 राधेश्याम मौर्य, आइसा नेता का0 शान्तम निधि,नेशनल आपदा मित्र एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक मणि त्रिपाठी, ऐक्टू के राष्ट्रीय पार्षद चौधरी रामसिंह, किसान महासभा के प्रदेशसह सचिव राजीव कुशवाहा ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि मोदी -योगी सरकार संविधान और लोकतंत्र को दरकिनार कर अम्बानी अडानी जैसे अपने मित्र पूंजीपतियों का राज बनाने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि भारत का मजदूर कारपोरेट राज और तानाशाही को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा और सरकार के हर दमनकारी कदम और नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेगा। उन्होंने गिरफ्तार मजदूरों को अविलंब रिहा करने तथा उनके ऊपर कायम फर्जी मुकदमा वापस लेने की मांग की। मजदूर नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने अपना दमनकारी रवैया नहीं बदला तो आन्दोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में का0 सुलेखा,का0कमला गौतम, प्रमोद कुमार रौनियार, अरविंद यादव,आर वाई ए के प्रदेश संयुक्त मंत्री का0 राजीव गुप्ता, ऐक्टू के लखनऊ के जिला मंत्री का0 कुमार मधुसूदन मगन समेत सैकड़ों मजदूर सामिल थे।

Leave a comment